home page

विद्यार्थियों को मिट्टी के दीये भेंटकर दिया स्वदेशी और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

 | 
विद्यार्थियों को मिट्टी के दीये भेंटकर दिया स्वदेशी और पर्यावरण संरक्षण का संदेश


शासकीय हाईस्कूल बाजार कुर्रीडीह में डॉ. आशीष नायक की अनूठी पहल, कई वर्षों से निभा रहे हैं परंपरा

धमतरी, 04 नवंबर (हि.स.)। दीपावली पर्व पर मिट्टी के दीयों के उपयोग को प्रोत्साहित करने और पारंपरिक कुम्हारों की आजीविका को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शासकीय हाईस्कूल बाजार कुर्रीडीह में विशेष पहल की गई। विद्यालय के व्याख्याता डॉ. आशीष नायक ने विद्यार्थियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए बुधवार को मिट्टी के दीये वितरित किए।

उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित किया कि वे इस दीपावली पर घरों में मिट्टी से बने दीयों का ही उपयोग करें। डॉ. नायक ने कहा कि दीपावली पर दीये जलाने की परंपरा हमारी संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है। मिट्टी के दीये बनाना एक पारंपरिक व्यवसाय है और इससे अनेक परिवारों की आजीविका जुड़ी हुई है। मिट्टी के दीयों का उपयोग न केवल हमारी परंपराओं को जीवित रखता है, बल्कि श्रम की महत्ता को समझने और प्रकृति से जुड़ने का संदेश भी देता है।

उन्होंने बताया कि वे पिछले कई वर्षों से दीपावली के अवसर पर विद्यार्थियों को मिट्टी के दीये वितरित कर इस परंपरा को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं। इस अवसर पर संस्था प्रमुख अभयराम ध्रुव एवं विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं तथा सुरक्षित तरीके से त्योहार मनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में चुम्मन साहू, कमलेश निषाद, एसके नेताम, भेमूराम साहू, भावना रामटेके सहित विद्यालय के समस्त छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा