home page

स्वच्छ जांजगीर-नैला अभियान का शुभारंभ, कलेक्टर ने दिलाई स्वच्छता की शपथ

 | 
स्वच्छ जांजगीर-नैला अभियान का शुभारंभ, कलेक्टर ने दिलाई स्वच्छता की शपथ


जांजगीर-चांपा, 14 अगस्त (हि. स.)। जांजगीर-नैला शहर को स्वच्छ, सुंदर, स्वस्थ और प्लास्टिक मुक्त बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को स्वच्छ जांजगीर-नैला अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के तहत शहर के सभी 25 वार्डों में स्वच्छता और जनजागरूकता से जुड़ी गतिविधियां संचालित की जाएंगी। शुभारंभ अवसर पर स्वच्छता रैली निकाली गई, जिसके माध्यम से नागरिकों को घर, मोहल्ले और शहर को स्वच्छ रखने का संदेश दिया गया।

अभियान के शुभारंभ अवसर पर सांसद कमलेश जांगड़े, छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, पूर्व संसदीय सचिव अम्बेश जांगड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी और नगर पालिका अध्यक्ष रेखा देवा गढ़ेवाल सहित जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। रैली के दौरान लोगों को कचरे का स्रोत पर पृथक्करण करने, प्लास्टिक का उपयोग कम करने और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फेंकने के लिए जागरूक किया गया।

अभियान के तहत नगर पालिका द्वारा 100 प्रतिशत डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण सुनिश्चित करने के साथ घर से ही कचरे को अलग-अलग रखने की व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाएगा। स्वच्छता दीदियां और मैदानी अमला घर-घर संपर्क कर लोगों को गीला और सूखा कचरा अलग रखने तथा निर्धारित समय पर कचरा संग्रहण वाहन को ही कचरा देने के लिए प्रेरित करेंगे। नागरिकों को चार प्रकार के डस्टबिन के माध्यम से कचरा पृथक्करण की जानकारी दी जा रही है।

सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने या कचरा जलाने वालों के खिलाफ नियमानुसार जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। पहली बार ऐसा करते पाए जाने पर घरेलू स्तर पर 500 रुपये और व्यावसायिक स्तर पर 1,000 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। वहीं दूसरी बार घरेलू स्तर पर 1,000 रुपये और व्यावसायिक स्तर पर 2,000 रुपये का जुर्माना किया जाएगा।

अभियान में विद्यार्थियों की भागीदारी बढ़ाने के लिए स्रोत पर कचरा पृथक्करण प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को अपने घर से स्वच्छता की शुरुआत करने और चार डस्टबिन की व्यवस्था के अनुसार कचरे को अलग-अलग रखने के लिए प्रेरित किया जाएगा। विद्यार्थी अपने परिवार के सदस्यों को भी कचरा अलग-अलग रखने और नगर पालिका के कचरा संग्रहण वाहन को पृथक कचरा सौंपने के लिए जागरूक करेंगे। बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को जिला प्रशासन की ओर से प्रशंसा प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।

नगर पालिका परिषद जांजगीर-नैला के सभी 25 वार्डों के बीच स्वच्छ वार्ड प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता का उद्देश्य वार्डों के बीच स्वच्छता को लेकर सकारात्मक प्रतिस्पर्धा विकसित करना और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से वार्डों को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाना है। बेहतर प्रदर्शन करने वाले वार्ड को 1 नवंबर 2026, छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सम्मानित और पुरस्कृत किया जाएगा।

अभियान के तहत जांजगीर-नैला को प्लास्टिक मुक्त बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है। नागरिकों और व्यापारियों से एकल उपयोग प्लास्टिक से दूरी बनाने की अपील की गई है। अभियान के दौरान स्वच्छता व्यवस्था में उल्लेखनीय योगदान देने वाले सफाई कर्मचारियों को “स्वच्छता मित्र” के रूप में सम्मानित करने की पहल भी की जाएगी। जिला प्रशासन और नगर पालिका ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे अपनी दैनिक जिम्मेदारी बनाएं ।

इस अवसर पर नगर पालिका उपाध्यक्ष मोहन यादव, नंदिनी राजवाड़े, अमर सुल्तानिया, इंजी. रवि पांडेय, आनंद मिरी, आशुतोष गोस्वामी, हितेश यादव सहित जनप्रतिनिधि, कलेक्टर जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम, अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, एसडीएम जांजगीर सुब्रत प्रधान, पार्षदगण, अधिकारी-कर्मचारी, स्वच्छता दीदियां, सफाई कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT