बीजापुर वनमंडल कार्यालय में चौकीदार की नाईट ड्यूटी के दौरान हुई संदिग्ध मौत
बीजापुर, 26 जुलाई (हि.स.)। जिला मुख्यालय स्थित वनमंडल कार्यालय में पदस्थ चौकीदार लिंगम चंद्रू की शनिवार 25 जुलाई की नाईट ड्यूटी के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आज रविवार सुबह उनका शव कार्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार के पास मिला। घटना की सूचना मिलते ही विभागीय अधिकारियों और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच कर रही है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार लिंगम चंदू बीती रात अपनी नियमित ड्यूटी पर तैनात था। सुबह जब कर्मचारी कार्यालय पहुंचे तो उनका शव मुख्य गेट के अंदर मिला। बताया जा रहा है कि मुख्य गेट अंदर से बंद था। फिलहाल चौकीदार की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा नहीं हो सका है। वन विभाग के कर्मचारियों में भी घटना को लेकर चिंता का माहौल है। लंबे समय से विभाग में कार्यरत लिंगम चंदू की अचानक हुई मौत से सहकर्मी सदमें में हैं। हालांकि, इस संबंध में वन विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। पुलिस मामले के हर संभावित पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि यदि आवश्यकता पड़ी तो संबंधित लोगों के बयान भी दर्ज किए जाएंगे। पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि घटना के समय कार्यालय परिसर में कौन-कौन मौजूद था और परिस्थितियां किस प्रकार की उस वक्त रही। पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा, फिलहाल मामले की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

