home page

बीजापुर पुनर्वास केंद्र में आत्मसमर्पित नक्सली की हुई संदिग्ध मौत

 | 
बीजापुर पुनर्वास केंद्र में आत्मसमर्पित नक्सली की हुई संदिग्ध मौत


बीजापुर, 21 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के पुनर्वास केंद्र में आज बुधवार काे प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे एक आत्मसमर्पित नक्सली की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। मृतक की पहचान नरसू बोड्डू उर्फ नैती उम्र 26 साल के रूप में हुई है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, वह 23 जुलाई 2026 से पुनर्वास केंद्र में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहा था। बुधवार सुबह उसकी मौत की सूचना बीजापुर पुलिस को मिली है। घटना की जानकारी मिलते ही एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम और थाना बीजापुर पुलिस मौके पर पहुंचकर पुलिस के साथ मामले की जांच कर रही है।

मृतक के भाई साकेत कुमार बोड्डू ने घटना को लेकर संदेह जताया है, उनका कहना है कि परिवार को जानकारी मिली कि नरसू ने पुनर्वास केंद्र के बाथरूम में जान दे दी। मेरे भाई को वर्ष 2025 में आत्मसमर्पण कराने के लिए लाया गया था। इसके बाद पुनर्वास प्रक्रिया के तहत उन्हें घर भेजे जाने और फिर अगस्त में पुनर्वास केंद्र बुलाए जाने की जानकारी दी गई। परिवार को बुधवार को नरसू की मौत की सूचना मिली।

मृतक के भाई का दावा है कि नरसू को अगले दिन घर भेजे जाने की बात कही जा रही थी। ऐसे में परिवार को उम्मीद थी कि वह जल्द ही अपने परिजनों के बीच लौटेगा। साकेत का कहना है कि नरसू के छोटे-छोटे बच्चे, पत्नी और बुजुर्ग पिता हैं। परिवार को लगता है कि घर लौटने की खुशी के बीच वह ऐसा कदम क्यों उठाता। इन्हीं परिस्थितियों का हवाला देते हुए मृतक के भाई ने मौत को लेकर आशंका जताई है और मामले की निष्पक्ष जांच की जरूरत बताई है

एएसपी अभिषेक कुमार ने बताया कि पुलिस इस मामले की जांच कर रही है, मौके पर एफएसएल की टीम भी जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद माैत के कारणाें का खुलासा हो सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे