टिकरापारा में घर में घुसकर तलवार और डंडों से दी जान से मारने की धमकी, चार गिरफ्तार
तलवार और डंडे जब्त, चारों आरोपित जेल भेजे गए
धमतरी, 25 नवंबर (हि.स.)। शहर में गुंडागर्दी और हथियारों के दम पर दहशत फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ धमतरी पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। टिकरापारा में एक महिला के घर में घुसकर तलवार और लाठी-डंडों से जान से मारने की धमकी देने तथा मारपीट करने के मामले में बुधवार काे सिटी कोतवाली पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक तलवार और लकड़ी के डंडे जब्त किए हैं। गिरफ्तार सभी आरोपितों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 21 अक्टूबर 2026 की रात लगभग 10:30 बजे की है। टिकरापारा निवासी प्रार्थिया अपने घर के आंगन में बच्चे को खिला रही थी। इसी दौरान 10 से 12 लोग तलवार, बेसबॉल स्टिक और लाठी-डंडे लेकर उसके घर पहुंचे। दरवाजे को जोर-जोर से धक्का देकर घर में घुसे बदमाशों ने पीड़िता के भाई निखिल के संबंध में पूछताछ करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देने लगे। इस दौरान उन्होंने महिला का गला भी पकड़ लिया। किसी तरह आरोपितों के चंगुल से छूटकर पीड़िता अपनी मां तारा निर्मलकर के घर पहुंची, लेकिन हमलावर वहां भी पीछा करते हुए पहुंच गए।
आरोपित घर में हथियार लहराते हुए दहशत फैलाने लगे। बीच-बचाव होने पर सभी मौके से फरार हो गए। पीड़िता की शिकायत पर सिटी कोतवाली में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। 25 नवंबर को चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपितों में राहुल मसीह (26 वर्ष), निवासी टिकरापारा शारदा चौक, भोला शंकर यादव उर्फ सागर यादव (30 वर्ष), निवासी नयापारा वार्ड बजरंग चौक, शालेम मसीह उर्फ अविनाश मसीह (20 वर्ष), निवासी टिकरापारा तालाब के पास तथा शुभम नेताम (24 वर्ष), निवासी रिसाईपारा पश्चिम धमतरी शामिल हैं। पुलिस ने मुख्य आरोपित राहुल मसीह के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तलवार तथा अविनाश मसीह, भोला यादव और शुभम नेताम के कब्जे से लकड़ी के डंडे जब्त किए हैं। चारों आरोपितों को जेल भेज दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

