home page

अंबिकापुर : 'सुशासन तिहार'तीन जून को , शिविर में जुटेंगे 27 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण, मौके पर ही होगा शिकायतों का निपटारा

 | 
अंबिकापुर : 'सुशासन तिहार'तीन जून को , शिविर में जुटेंगे 27 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण, मौके पर ही होगा शिकायतों का निपटारा


अंबिकापुर, 02 जून (हि.स.)। छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार आम जनता की समस्याओं के त्वरित और पारदर्शी निराकरण के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। इसी कड़ी में 'सुशासन तिहार-2026' के अंतर्गत आज, 03 जून को विकासखण्ड अंबिकापुर के हर्राटिकरा (सांडबार वन देवी मंदिर के सामने) में एक विशाल जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया जा रहा है।

इस शिविर में क्षेत्र की कुल 27 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण शामिल होकर अपनी मांगों और शिकायतों से संबंधित आवेदन सीधे अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत कर सकेंगे। शासन की इस पहल का मुख्य उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंचाना और उनकी समस्याओं का समयबद्ध निवारण सुनिश्चित करना है।

इस महाशिविर में मेण्ड्राकला, मुड़ेसा, उदयपुरढाब, जोगीबांध, भिट्ठीकला, सुन्दरपुर, माझापारा, रामपुर, चिताबहार, सरईटिकरा, बरढोढ़ी, पोड़ीखुर्द, परसाढ़ीखुर्द, नवाबांध, जगदीशपुर, हर्राटिकरा, केशवपुर, सुखरी, सपना, फतेहपुर, रनपुरकला, बांकीपुर, बकिरमा, थोर, लब्जी, कोल्डीहा और खैरबार जैसी महत्वपूर्ण ग्राम पंचायतों के नागरिक अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचेंगे। कार्यक्रम को सुचारू रूप से संपन्न कराने और व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के लिए प्रशासनिक स्तर पर जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं। इसके तहत अम्बिकापुर के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को शिविर का मुख्य प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि जनपद पंचायत अम्बिकापुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहायक प्रभारी अधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं देंगे।

गौरतलब है कि आम जनता को सुगम, पारदर्शी और त्वरित रूप से सरकारी सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से जिले भर में 'सुशासन तिहार 2026' का आयोजन किया जा रहा है। शासन के कड़े निर्देशों के तहत जन शिकायतों के प्रभावी निराकरण के लिए यह विशेष अभियान आगामी 10 जून तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर जारी रहेगा, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति अपनी समस्याओं और अधिकारों से वंचित न रह सके।

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह