सुशासन तिहार 2026: मझौली शिविर में स्वास्थ्य मंत्री ने सविता को सौंपा आयुष्मान कार्ड, मौके पर हुआ जनसमस्याओं का समाधान
मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, 08 मई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी पहल सुशासन तिहार 2026 के माध्यम से मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के विकासखंड खड़गवां के ग्राम मझौली में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर ग्रामीणों के लिए वरदान साबित हो रहा है। इस विशेष शिविर में विभिन्न विभागों ने न केवल आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना, बल्कि पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित भी किया।
इसी कड़ी में ग्राम मझौली की निवासी सविता के लिए यह शिविर खुशियों की सौगात लेकर आया, जहाँ उन्हें स्वास्थ्य सुविधाओं का सुरक्षा कवच प्रदान करते हुए तत्काल आयुष्मान कार्ड बनाकर दिया गया। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने स्वयं अपने हाथों से सविता को यह कार्ड सौंपा।
मौके पर ही आयुष्मान कार्ड प्राप्त करने के बाद सविता ने हर्ष व्यक्त करते हुए राज्य शासन और जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया। उन्होंने सुशासन तिहार 2026 की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में गांव-गांव में आयोजित हो रहे ये शिविर ग्रामीणों के लिए बेहद मददगार हैं। पहले जिन छोटे-छोटे कार्यों के लिए दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ते थे, अब उनका समाधान घर के पास ही मिल रहा है।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने स्पष्ट किया कि सरकार का मुख्य ध्येय अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँचाना है। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त आवेदनों का पूरी संवेदनशीलता और प्राथमिकता के साथ त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें। इस दौरान बड़ी संख्या में मौजूद ग्रामीणों ने विभिन्न विभागीय स्टालों के माध्यम से योजनाओं की जानकारी ली और जिला प्रशासन की कुशल व्यवस्थाओं के बीच अपनी समस्याओं का समाधान पाया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

