सुशासन तिहार बना उम्मीद की नई किरण
शशि की पढ़ाई और बहोरन की खेती को मिला संबल
रायपुर, 06 जून (हि.स.)। कभी आर्थिक तंगी के कारण अपने सपनों को अधूरा मानने वाली छात्रा शशि साहू और खेती के लिए संसाधनों की चिंता में रहने वाले किसान बहोरन लाल कौशिक के जीवन में सुशासन तिहार नई उम्मीद लेकर आया है। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से मिली सहायता ने दोनों के भविष्य को नई दिशा दी है।
बिलासपुर जिले के तखतपुर विकासखंड के गनियारी में आयोजित सुशासन शिविर में रानीपारा निवासी कुमारी शशि साहू को मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना के तहत 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करने वाले पिता की सीमित आय के कारण शशि की पढ़ाई प्रभावित हो रही थी। सहायता राशि मिलने से अब उसके लिए शिक्षा जारी रखने का मार्ग आसान हो गया है। शशि का कहना है कि यह योजना बेटियों को आत्मनिर्भर बनने और अपने सपनों को साकार करने का अवसर दे रही है।
वहीं, गनियारी के किसान बहोरन लाल कौशिक को जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के माध्यम से 36 हजार रुपये का ऋण उपलब्ध कराया गया। बहोरन इस राशि का उपयोग खेती-किसानी के कार्यों में करेंगे। उनका मानना है कि समय पर मिलने वाली वित्तीय सहायता किसानों की उत्पादन क्षमता बढ़ाने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूत करती है। सुशासन तिहार ने इन दोनों परिवारों के जीवन में विश्वास और आत्मनिर्भरता का नया अध्याय जोड़ दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

