सरगुजा : पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल, 11 अधिकारियों के तबादले
अम्बिकापुर, 01 सितंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त करने के उद्देश्य से पुलिस महकमे में व्यापक प्रशासनिक फेरबदल किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राजेश कुमार अग्रवाल द्वारा साेमवार की देर रात जारी आधिकारिक आदेश के तहत 6 निरीक्षकों, 2 उप निरीक्षकों और 3 सहायक उप निरीक्षकों समेत कुल 11 पुलिस अधिकारियों का तत्काल प्रभाव से तबादला कर दिया गया है। इस आदेश के बाद जिला मुख्यालय स्थित अम्बिकापुर कोतवाली, सीतापुर, लुण्ड्रा और कमलेश्वरपुर जैसे महत्वपूर्ण थानों के प्रभारियों में बड़ा बदलाव देखने को मिला है।
जारी आदेश के तहत सीतापुर थाना प्रभारी रहे उप निरीक्षक अखिलेश सिंह को अब अम्बिकापुर कोतवाली की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, अम्बिकापुर कोतवाली प्रभारी रहे निरीक्षक शशिकांत सिन्हा को गांधीनगर थाने की कमान दी गई है। लुण्ड्रा थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप जायसवाल को सीतापुर थाना प्रभारी बनाया गया है, जबकि रक्षित केंद्र (पुलिस लाइन) अम्बिकापुर में पदस्थ निरीक्षक अशफाक अहमद को लुण्ड्रा थाने की कमान सौंपी गई है। इसके अलावा, रक्षित केंद्र से निरीक्षक लक्ष्मीनारायण साव को कमलेश्वरपुर का नया थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है।
आदेश के अनुसार, दरिमा थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश खलको और कमलेश्वरपुर थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज प्रजापति को रक्षित केंद्र अम्बिकापुर भेजा गया है। रक्षित केंद्र से उप निरीक्षक समरेन्द्र सिंह को थाना गांधीनगर पदस्थ किया गया है। सहायक उप निरीक्षकों में उदयपुर थाने से लिनुस को रक्षित केंद्र, लखनपुर थाने से परशु राम को पुलिस अधीक्षक कार्यालय अम्बिकापुर में रीडर-2 संबद्ध किया गया है, जबकि रक्षित केंद्र से मनीष तिवारी को थाना लखनपुर भेजा गया है। जिले में हुए इस फेरबदल से थानों की कार्यप्रणाली में तेजी और पुलिसिंग में नई ऊर्जा आने की उम्मीद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

