अम्बिकापुर : शराब पीने से टोकने पर युवक की बेरहमी से हत्या, आरोपित चंद घंटों में गिरफ्तार
अम्बिकापुर, 22 जून (हि.स.)। सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पोकसरी में शराब पीने से मना करने पर एक युवक की लकड़ी के गेंडे (कुंदे) और फाड़ी से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए हत्या के महज कुछ ही घंटों के भीतर दोनों नामजद आरोपितों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
यह पूरी कार्रवाई डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल (भा.पु.से.) के सख्त दिशा-निर्देशों पर बतौली पुलिस टीम द्वारा की गई। जानकारी के अनुसार, मृतक संतलाल के बड़े भाई बिन्द्रा राम (60 वर्ष) ने बतौली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 19 जून को गांव का ही जानचंद उनके भाई संतलाल के घर के पास पड़ोस में बैठकर शराब पी रहा था। इस पर संतलाल ने उसे वहां शराब पीने से मना किया, जिससे नाराज होकर जानचंद ने विवाद शुरू कर दिया। इस रंजिश को लेकर 21 जून की देर रात करीब 12:30 बजे जानचंद अपने साथी सुखऊ राम के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर संतलाल को जान से मारने की नीयत से ढूंढते हुए उसके घर पहुंचा था। आरोपितों ने घर के बाहर गाली-गलौज भी की, जिसे आस-पास के ग्रामीणों ने देखा और सुना था।
अगली सुबह ग्रामीणों को संतलाल का शव ग्राम पोकसरी के बंधवाटिकरा स्थित बंधवा गुड़ी स्थल के पास लहूलुहान हालत में मिला। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे परिजनों ने देखा कि संतलाल के सिर, चेहरे, कंधे और पीठ पर गहरे जख्म थे और अत्यधिक खून बह जाने के कारण उसकी मौत हो चुकी थी। घटनास्थल पर ही हत्या में इस्तेमाल किया गया लकड़ी का गेंडा, लकड़ी की फाड़ी और कुछ दूरी पर मृतक का मोबाइल व टांगी (कुल्हाड़ी) लावारिस हालत में पड़े मिले। प्रार्थी की शिकायत पर बतौली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 332(क) और 3(5) के तहत हत्या का अपराध पंजीबद्ध कर तत्काल तफ्तीश शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी सरगुजा के निर्देश पर थाना प्रभारी बतौली के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीक निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया। डॉक्टरों की शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में भी चोटों के कारण मृत्यु की प्रकृति 'हत्यात्मक' होना स्पष्ट हुआ। इसके बाद पुलिस ने मुखबिरों की सूचना और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर घेराबंदी कर दोनों संदेही युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपितों ने अपना नाम जानचंद (23 वर्ष) और सुखऊ राम (24 वर्ष) निवासी पोकसरी बताया। कड़ी पूछताछ में दोनों ने शराब पीने से टोकने की पुरानी रंजिश के कारण मिलकर संतलाल की हत्या करने का जुर्म कबूल कर लिया। आरोपितों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर सोमवार को पुलिस ने उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
इस त्वरित और अंधी हत्या की गुत्थी सुलझाने की संपूर्ण कार्रवाई में बतौली थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक सेंगर, उपनिरीक्षक आभाष मिंज, प्रशिक्षु उप निरीक्षक शिव कुमार ध्रुव, प्रधान आरक्षक अनूप कुजूर, महिला आरक्षक मेरी क्लोरेट, आरक्षक राजेश खलखो, राकेश एक्का, जितेंद्र सिंह, भगलू पैकरा, संतोष बरवा, नितेश पाठक, रवि सिंह, विजय सिंह, अशोक खेश तथा सैनिक सलीम व बजरंग की सक्रिय और सराहनीय भूमिका रही।
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

