कांवड़ यात्रा : सरगुजा में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध, रूट डायवर्जन प्लान जारी
अम्बिकापुर, 07 अगस्त (हि.स.)। आगामी कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और यातायात के बढ़ते दबाव को देखते हुए सरगुजा पुलिस ने कड़े कदम उठाए हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राजेश अग्रवाल (भा.पु.से.) के निर्देश पर शहर और प्रमुख मार्गों पर भारी वाहनों के आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। शंकरघाट मंदिर से लेकर लुचकी घाट, चेंद्रा, रघुनाथपुर और बतौली मार्ग पर बड़ी संख्या में शिवभक्तों की मौजूदगी को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है ताकि किसी भी संभावित सड़क दुर्घटना और जनहानि से बचा जा सके।
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए सरगुजा पुलिस ने भारी वाहनों के प्रवेश और निकासी के लिए समय-सीमा निर्धारित कर दी है। रामानुजगंज रोड (ककना मोड़ से रामानुजगंज चौक/बंगाली चौक) और बंगाली चौक से खरसिया नाका/भारत माता चौक तक 07 अगस्त की देर रात 09:00 बजे से 10 अगस्त की दोपहर 12:00 बजे तक भारी वाहनों की आवाजाही पर पूरी तरह से रोक रहेगी। इसी प्रकार अंबिकापुर-बतौली मार्ग और खरसिया रोड पर भी 07 अगस्त रात 09:00 बजे से 10 गस्त दोपहर 12:00 बजे तक भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। बिलासपुर, बनारस, सूरजपुर और बलरामपुर की ओर जाने वाले भारी वाहनों को 09 अगस्त दोपहर 12:00 बजे के बाद रवाना किया जाएगा, जबकि रायगढ़ रोड के भारी वाहनों को 10 अगस्त दोपहर 12:00 बजे के बाद छोड़ा जाएगा।
यातायात में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए पुलिस प्रशासन ने वैकल्पिक डायवर्जन प्लान भी लागू किया है। इसके तहत रामानुजगंज की ओर से आने वाले भारी वाहन अब ककना मोड़ से कल्याणपुर होते हुए अंबिकापुर आ-जा सकेंगे। वहीं रामानुजगंज रूट पर जाने वाले वाहनों को प्रतापपुर रोड से कल्याणपुर होते हुए ककना मोड़ के रास्ते भेजा जाएगा। इसके अलावा बिलासपुर रोड से बनारस जाने वाले वाहन तथा मनेंद्रगढ़ रोड से आने वाले भारी वाहन बिलासपुर और बनारस रोड की तरफ सुचारू रूप से आवागमन कर सकेंगे। सरगुजा पुलिस ने सभी भारी वाहन चालकों और ट्रांसपोर्टरों से अपील की है कि वे तय समय और तिथि के दौरान प्रतिबंधित रूट पर अपने वाहन न भेजें और कांवड़ यात्रा को सुरक्षित व सफल बनाने में सहयोग प्रदान करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

