home page

सप्तमी पर मां अंगारमोती के दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब, जस गीतों पर झूमे श्रद्धालु

 | 
सप्तमी पर मां अंगारमोती के दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब, जस गीतों पर झूमे श्रद्धालु


सप्तमी पर मां अंगारमोती के दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब, जस गीतों पर झूमे श्रद्धालु


धमतरी, 17 अक्टूबर (हि.स.)। क्वांर नवरात्रि के सातवें दिन शनिवार को ग्राम गंगरेल स्थित आदिशक्ति मां अंगारमोती मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही माता के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो देर शाम तक जारी रहा। बड़ी संख्या में पहुंचे भक्तों से मंदिर परिसर दिनभर भक्तिमय बना रहा। माता के जयकारों और जस सेवा गीतों की गूंज से पूरा परिसर गुंजायमान होता रहा। विभिन्न मंडलियों द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक जस सेवा गीतों की मधुर धुन पर श्रद्धालु भक्ति में लीन होकर झूमते नजर आए।

नवरात्रि के अवसर पर मां अंगारमोती के प्रति श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। सप्तमी पर दूर-दराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में भक्त माता के दर्शन के लिए पहुंचे। श्रद्धालु कतारबद्ध होकर बारी-बारी से दर्शन करते रहे और परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं मंगलमय जीवन की कामना की। मंदिर परिसर में दिनभर पूजा-अर्चना और धार्मिक गतिविधियों का सिलसिला चलता रहा। पारंपरिक लोकधुनों, जस सेवा गीतों और माता के जयकारों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। नवरात्र के आठवें दिन रविवार को मां अंगारमोती मंदिर में शाम चार बजे अष्टमी पूजन एवं विशाल भंडारा आयोजित किया जाएगा।

आदिशक्ति मां अंगारमोती ट्रस्ट के अध्यक्ष जीवराखन लाल मरई ने समस्त श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों से अष्टमी पूजन में शामिल होकर माता का आशीर्वाद प्राप्त करने और विशाल भंडारा में सहभागी बनने की अपील की है। इस अवसर पर आदिशक्ति माँ अंगारमोती ट्रस्ट के अध्यक्ष जीवराखन लाल मरई सहित देवानंद नेताम, मानसिंह मरकाम, घनश्याम नेताम, रामेश्वर मरकाम, राजेंद्र पडोटी, तिजेंद्र कुंजाम, नरेंद्र नेताम, हरि नेताम, रोशन मरकाम एवं सोहन कुंजाम सहित मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा