169 मतों से जीते सुरेश सिन्हा, डड़सेना सिन्हा कलार समाज के तहसील सचिव बने
धमतरी, 12 जुलाई (हि.स.)। डड़सेना सिन्हा कलार समाज के तहसील सचिव पद के लिए रविवार को हुए उपचुनाव में लोकतांत्रिक उत्साह और सामाजिक एकजुटता का शानदार परिचय देखने को मिला। शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुए मतदान के बाद घोषित परिणामों में पंचवटी कालोनी निवासी सुरेश सिन्हा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी वेदराम सिन्हा को 169 मतों से हराकर तहसील सचिव पद पर शानदार जीत दर्ज की।
इस चुनाव के लिए 10 क्षेत्रों के कुल 6,941 मतदाता पात्र थे। मतदान के बाद मतगणना पूरी होने पर सुरेश सिन्हा को 397 मत, वेदराम सिन्हा को 228 मत तथा ग्राम सोरिद निवासी आकाश सिन्हा को 52 मत प्राप्त हुए। परिणाम घोषित होते ही समर्थकों में उत्साह का माहौल बन गया और नवनिर्वाचित सचिव का फूल-मालाओं से स्वागत कर उन्हें शुभकामनाएं दी गईं।
जिला निर्वाचन अधिकारी टिकेन्द्र गजेन्द्र ने बताया कि तहसील सचिव पद पर पदस्थ रहे देवकरण गजेन्द्र के निधन के बाद यह पद रिक्त हो गया था। इसके बाद प्रभारी सचिव की व्यवस्था की गई और छह माह का कार्यकाल पूर्ण होने पर निर्वाचन नियमों के तहत उपचुनाव कराया गया। पूरी निर्वाचन प्रक्रिया निर्धारित नियमावली के अनुसार शांतिपूर्वक संपन्न हुई। चुनाव को सफल बनाने में प्रदेश निर्वाचन अधिकारी सेवा राम सिन्हा, जिला निर्वाचन अधिकारी टिकेन्द्र गजेन्द्र, जिला अध्यक्ष चंद्रहास सिन्हा, मंडलेश्वर संतोष सिन्हा, हेमशंकर सिन्हा, शशिकांत सिन्हा, गणराज सिन्हा, परमेश्वरी सिन्हा, नंदिनी सिन्हा, सुलोचना सिन्हा, सहित निर्वाचन दल और समाज के अनेक पदाधिकारियों एवं स्वजातीय साथियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। मतदान और मतगणना की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी ढंग से संपन्न कराई गई।
निर्वाचन अधिकारियों ने सभी उम्मीदवाराें, मतदाताओं और सहयोगियों का शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव कराने में योगदान के लिए आभार व्यक्त किया। वहीं कुरूद, मगरलोड और नगरी क्षेत्र से पहुंचे सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी मतदान एवं निर्वाचन व्यवस्था में महत्वपूर्ण सहयोग दिया। समाज के वरिष्ठजनों ने नवनिर्वाचित तहसील सचिव सुरेश सिन्हा को बधाई देते हुए आशा जताई कि उनके नेतृत्व में समाज की संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

