छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में मजदूरों से भरी पिकअप वाहन पलटी, 25 घायल
सूरजपुर, 23 जून (हि.स.)। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के नेवरा इलाके में सोमवार की रात मजदूरों से भरी एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 10 नाबालिगों सहित कुल 25 मजदूर घायल हो गए हैं, जिनमें से 10 की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार नेवरा इलाके में सोमवार की रात मजदूर भैयाथान में मजदूरी कर वापस अपने गांव लैंगा लौट रहे थे। इसी दौरान नेवरा के पास एक ट्रेलर को ओवरटेक करने के प्रयास में पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि फरार चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
इस हादसे ने एक बार फिर स्थानीय पुलिस और यातायात प्रशासन की मुस्तैदी पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। मालवाहक गाड़ियों में इंसानों को भेड़-बकरियों की तरह ठूंस-ठूंस कर भरना अब आम बात हो चुकी है। दावों के उलट, धरातल पर ऐसे वाहनों के खिलाफ कोई सख्त कार्रवाई देखने को नहीं मिल रही है। अगर प्रशासन समय रहते इन नियमों का उल्लंघन करने वाले मालवाहकों पर नकेल कसता, तो आज यह बड़ा हादसा टाला जा सकता था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

