home page

सूरजपुर में असंगठित श्रमिकों के मेधावी बच्चों को मिलेगी 12,500 रुपये तक की प्रोत्साहन राशि

 | 

सूरजपुर, 29 अक्टूबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ शासन के श्रम विभाग ने असंगठित कर्मकारों के बच्चों को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मेधावी विद्यार्थियों के लिए प्रोत्साहन योजना शुरू की है। गुरुवार को श्रम विभाग ने योजना की जानकारी देते हुए बताया कि इसके तहत पात्र पंजीकृत श्रमिकों के पहले दो बच्चों को शैक्षणिक उपलब्धियों के आधार पर एकमुश्त आर्थिक सहायता दी जाएगी। यह लाभ एक शैक्षणिक वर्ष में केवल एक बार मिलेगा।

योजना के तहत कक्षा 10वीं और 12वीं में निर्धारित पात्रता पूरी करने वाले छात्रों को 5,000 रुपये तथा छात्राओं को 5,500 रुपये दिए जाएंगे। स्नातक स्तर पर छात्रों को 7,000 रुपये और छात्राओं को 7,500 रुपये, जबकि स्नातकोत्तर स्तर पर छात्रों को 10,000 रुपये तथा छात्राओं को 10,500 रुपये की प्रोत्साहन राशि मिलेगी। इसी तरह व्यावसायिक और प्रोफेशनल पाठ्यक्रमों में अध्ययनरत छात्रों को 12,000 रुपये तथा छात्राओं को 12,500 रुपये दिए जाएंगे।

छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 10वीं या 12वीं की परीक्षा में टॉप टेन में स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थियों के लिए एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि का प्रावधान है। इसके अलावा दुपहिया वाहन खरीदने के लिए भी एक लाख रुपये की सहायता देने का प्रावधान किया गया है।

सामान्य शैक्षणिक प्रोत्साहन राशि प्राप्त करने के लिए संबंधित कक्षा या पाठ्यक्रम में कम से कम 75 प्रतिशत अंक अथवा समकक्ष ग्रेड हासिल करना जरूरी है। विशेष प्रोत्साहन राशि के लिए अधिसूचना में निर्धारित शर्तों को पूरा करना होगा। योजना का उद्देश्य श्रमिक परिवारों के प्रतिभाशाली बच्चों को आगे की पढ़ाई के लिए आर्थिक सहयोग देना और उन्हें बेहतर शैक्षणिक उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रेरित करना है।

श्रम विभाग ने पात्र श्रमिक परिवारों से संबंधित श्रम कार्यालय से योजना की पात्रता, जरूरी दस्तावेज और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी लेने की अपील की है, ताकि निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन कर योजना का लाभ प्राप्त किया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय