home page

नुक्कड़ नाटक से छात्रों ने दिया स्वच्छता और साइबर सुरक्षा का संदेश

 | 
नुक्कड़ नाटक से छात्रों ने दिया स्वच्छता और साइबर सुरक्षा का संदेश


सूरजपुर, 28 सितंबर (हि.स.)। सूरजपुर शहर के व्यस्त पुराना बस स्टैंड में आज सोमवार को शासकीय रेवती रमण मिश्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को स्वच्छता और साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक किया। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सड़क को ही जागरूकता का मंच बनाकर आम नागरिकों तक जरूरी संदेश पहुंचाया।

नाटक के माध्यम से सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखने, कचरा निर्धारित स्थान पर डालने और स्वच्छ वातावरण के निर्माण में नागरिकों की भूमिका को बताया गया। विद्यार्थियों ने रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े उदाहरणों के जरिए स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया।

साइबर सुरक्षा को लेकर विद्यार्थियों ने अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, ओटीपी और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा नहीं करने तथा ऑनलाइन ठगी के विभिन्न तरीकों से सतर्क रहने की अपील की। विद्यार्थियों ने बताया कि डिजिटल दौर में जागरूकता साइबर अपराध से बचाव का महत्वपूर्ण माध्यम है।

नुक्कड़ नाटक के माध्यम से शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी लोगों तक पहुंचाई गई। विद्यार्थियों ने पात्र हितग्राहियों से योजनाओं का लाभ लेने और अपने अधिकारों एवं उपलब्ध सुविधाओं के प्रति जागरूक रहने की अपील की। प्रस्तुति के दौरान राहगीरों और आम नागरिकों ने रुककर नाटक देखा और विद्यार्थियों के संदेश को सुना।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय