home page

सूरजपुर में आरटीआई के ऑनलाइन संचालन पर अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण

 | 
सूरजपुर में आरटीआई के ऑनलाइन संचालन पर अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण


सूरजपुर, 24 अक्टूबर (हि.स.)। सूचना का अधिकार अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन और ऑनलाइन पोर्टल के सुचारू संचालन को लेकर जनपद पंचायत सूरजपुर के सभाकक्ष में शुक्रवार और शनिवार को दो दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। कलेक्टर रेना जमील के निर्देश पर आयोजित इस प्रशिक्षण में विभिन्न विभागों के जन सूचना अधिकारियों और प्रथम अपीलीय अधिकारियों को अधिनियम के प्रावधानों, उनकी जिम्मेदारियों और ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 के तहत प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार और समयबद्ध निराकरण करने के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया। साथ ही आरटीआई ऑनलाइन पोर्टल पर पंजीयन और ऑनबोर्डिंग की प्रक्रिया समझाई गई, ताकि संबंधित अधिकारी ऑनलाइन व्यवस्था के माध्यम से सूचना संबंधी कार्यों का व्यवस्थित संचालन कर सकें।

जिला मास्टर ट्रेनर संतोष कुमार उपाध्याय और प्रभारी प्राचार्य रमेश कुमार गुप्ता के साथ ब्लॉक मास्टर ट्रेनर सीमांचल त्रिपाठी तथा व्याख्याता राजेश कुमार किस्पोट्टा ने प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया। उन्होंने जन सूचना अधिकारियों के दायित्वों, आवेदन प्रक्रिया और पोर्टल के उपयोग से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी।

प्रशिक्षण का उद्देश्य विभिन्न विभागों के जन सूचना अधिकारियों और प्रथम अपीलीय अधिकारियों को ऑनलाइन व्यवस्था से जोड़ना तथा आरटीआई पोर्टल पर उनकी ऑनबोर्डिंग सुनिश्चित करना था। इससे सूचना के अधिकार के तहत आने वाले आवेदनों के समय पर निराकरण, प्रशासनिक पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करने पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम में विकासखंड सूरजपुर के ग्राम पंचायत सचिवों, शासकीय उचित मूल्य दुकानों के संचालकों और संबंधित जन सूचना अधिकारियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों को अधिनियम के प्रावधानों का पालन करते हुए ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से सूचना संबंधी कार्यों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय