home page

सूरजपुर राज्योत्सव में लगेगा छत्तीसगढ़ी व्यंजनों का जायका, दाे नवंबर को होगी पाक कला प्रतियोगिता

 | 

सूरजपुर, 31 अक्टूबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के अवसर पर जिले में पारंपरिक व्यंजनों को बढ़ावा देने और पाक कला में रुचि रखने वालों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। सोमवार 2 नवंबर को दोपहर 1 बजे से अग्रसेन स्टेडियम ग्राउंड में पाक कला प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।

महिला एवं बाल विकास विभाग और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के संयुक्त तत्वावधान में होने वाले इस आयोजन में गृहिणियों, स्व-सहायता समूहों की महिलाओं के साथ होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा संचालक भी हिस्सा ले सकेंगे। खाना बनाने में रुचि रखने वाला कोई भी व्यक्ति प्रतियोगिता में भाग ले सकता है।

प्रतियोगिता में तैयार किए गए व्यंजनों का मूल्यांकन उनके स्वाद, पारंपरिकता, इस्तेमाल की गई सामग्री, प्रस्तुतीकरण और स्वच्छता के आधार पर किया जाएगा। इसके साथ ही प्रतिभागियों को अपने व्यंजन के बारे में जानकारी भी देनी होगी। जिला प्रशासन की ओर से प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को 3,100 रुपये, द्वितीय स्थान पर रहने वाले को 2,100 रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 1,100 रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। इसके अलावा तीन अन्य प्रतिभागियों को 500-500 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।

आयोजन स्थल पर प्रशासन की ओर से टेंट के भीतर जगह और टेबल उपलब्ध कराई जाएगी। हालांकि, व्यंजन तैयार करने के लिए जरूरी बर्तन, मसाले, सब्जियां, गैस, चूल्हा और अन्य सामग्री प्रतिभागियों को स्वयं लानी होगी। होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा संचालक अपने स्टॉल पर प्रचार-प्रसार के लिए बैनर और पोस्टर भी लगा सकेंगे।

100 रुपये पंजीयन शुल्क निर्धारित

प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए 100 रुपये पंजीयन शुल्क रखा गया है। प्रतिभागियों को यह राशि आयोजन स्थल पर जमा करनी होगी, जिसके बाद उन्हें रसीद दी जाएगी। इच्छुक प्रतिभागी ऑनलाइन पंजीयन के लिए इस गूगल लिंक (https://docs.google.com/forms/d/e/1FAIpQLSe_eKPpxoOXh8jvDrFJJUKR5FKrQiJgiV6qIr510n8UJ0lVYA/viewform?usp=dialog) का उपयोग कर सकते हैं।

प्रतियोगिता से संबंधित अधिक जानकारी के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग के मोबाइल नंबर 8085148088 और एनआरएलएम कार्यालय के नंबर 9131876837 पर संपर्क किया जा सकता है। जिला प्रशासन ने पाक कला में रुचि रखने वाले नागरिकों से प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय