home page

सूरजपुर में स्थापित होगी दलहन प्रसंस्करण इकाई, 25 लाख रुपये तक मिलेगा अनुदान

 | 

सूरजपुर, 13 नवंबर (हि.स.)। सूरजपुर जिले में दलहन उत्पादन को बढ़ावा देने और किसानों की आय में वृद्धि के उद्देश्य से एक दलहन प्रसंस्करण इकाई स्थापित की जाएगी। केंद्र सरकार की आत्मनिर्भर दलहन योजना के तहत प्रस्तावित इस इकाई की स्थापना से कृषि उत्पादों का मूल्य संवर्धन होगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। इसके लिए इच्छुक कृषक उत्पादक समूह (एफपीओ), बीज उत्पादक सहकारी समितियों और निजी उद्योगों से 20 नवंबर तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

कृषि विभाग के अनुसार, योजना के तहत दलहन प्रसंस्करण इकाई की स्थापना पर परियोजना लागत का 33 प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा। अनुदान की अधिकतम सीमा 25 लाख रुपये निर्धारित की गई है। योजना का उद्देश्य कृषि आधारित उद्यमों को प्रोत्साहित करने के साथ ही स्थानीय स्तर पर दलहन के प्रसंस्करण और किसानों को उनके उत्पादों का बेहतर मूल्य दिलाने की व्यवस्था को बढ़ावा देना है।

इच्छुक संस्थाओं को आवेदन के साथ भूमि संबंधी दस्तावेज, इकाई स्थापना के लिए स्थान उपलब्ध होने का प्रमाण-पत्र, परियोजना रिपोर्ट और आधार पहचान से संबंधित आवश्यक दस्तावेज जमा करने होंगे। आवेदन पत्र और सभी अभिलेखों के साथ रुचि की अभिव्यक्ति स्पीड पोस्ट या रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से कार्यालय उप संचालक कृषि, जिला सूरजपुर (छत्तीसगढ़) भेजनी होगी।

आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 20 नवंबर को शाम 5 बजे निर्धारित की गई है। योजना और आवेदन से संबंधित विस्तृत जानकारी कलेक्टर कार्यालय तथा उप संचालक कृषि कार्यालय के सूचना पटल पर देखी जा सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय