home page

सूरजपुर में स्थापित होगी 10 टन क्षमता की ऑयल एक्सट्रैक्शन यूनिट, 20 नवंबर तक आवेदन का मौका

 | 

सूरजपुर, 13 नवंबर (हि.स.)। सूरजपुर जिले में खाद्य तेल उत्पादन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 10 टन क्षमता की ऑयल एक्सट्रैक्शन यूनिट स्थापित की जाएगी। केंद्र सरकार की नेशनल मिशन ऑन एडिबल ऑयल-ऑयल सीड योजना के तहत जिले में एक यूनिट स्थापित करने का प्रस्ताव है। इसके लिए इच्छुक कृषक उत्पादक समूह (एफपीओ), बीज उत्पादक सहकारी समिति, सहकारी संस्थाएं और निजी उद्योग 20 नवंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।

कृषि विभाग के अनुसार, योजना के तहत ऑयल एक्सट्रैक्शन यूनिट की स्थापना पर लागत का 33 प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा। अनुदान की अधिकतम सीमा 9.90 लाख रुपये निर्धारित की गई है। इच्छुक संस्थाओं को आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपनी रुचि की अभिव्यक्ति और आवेदन पत्र स्पीड पोस्ट या रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से भेजना होगा।

आवेदन 20 नवंबर को शाम 5 बजे तक कार्यालय उप संचालक कृषि, जिला सूरजपुर (छत्तीसगढ़) में पहुंचना चाहिए। योजना और आवेदन से संबंधित विस्तृत जानकारी कलेक्टर कार्यालय तथा उप संचालक कृषि कार्यालय के सूचना पटल पर देखी जा सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय