home page

मिट्टी बांध बना किसानों का सहारा, धान की रोपाई के दौरान पानी की समस्या से मिली राहत

 | 
मिट्टी बांध बना किसानों का सहारा, धान की रोपाई के दौरान पानी की समस्या से मिली राहत


सूरजपुर, 12 अक्टूबर (हि.स.)। सूरजपुर जिले के ओड़गी जनपद पंचायत अंतर्गत चबदा ग्राम पंचायत में विकसित भारत-जी राम जी योजना के तहत निर्मित मिट्टी बांध किसानों के लिए उपयोगी साबित हो रहा है। बांध में बारिश का पानी जमा होने से इस खरीफ सीजन में आसपास के किसानों को धान की रोपाई के दौरान पानी की उपलब्धता में मदद मिली। इससे खेती-किसानी में बारिश पर निर्भर रहने वाले किसानों को राहत मिली है।

ग्राम चबदा के किसान राम सेवक कुर्रे के मुताबिक, पहले गांव में वर्षा जल को रोककर रखने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी। ऐसे में खेती के लिए पानी की उपलब्धता काफी हद तक बारिश पर निर्भर रहती थी। बारिश में देरी होने पर धान की रोपाई प्रभावित होने और कृषि कार्यों में पिछड़ने की चिंता बनी रहती थी।

गांव में मिट्टी बांध बनने के बाद स्थिति में सुधार आया है। मानसून के दौरान बांध में एकत्रित पानी का उपयोग आसपास के किसानों ने खेतों में किया। खासकर धान की रोपाई के समय पानी की जरूरत पूरी करने में यह संरचना मददगार रही। राम सेवक कुर्रे ने बताया कि इस वर्ष बांध में जमा पानी से किसानों को काफी सहूलियत मिली और रोपाई के दौरान पानी की समस्या से राहत मिली।

विकसित भारत-जी राम जी योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण और संवर्धन से जुड़े कार्यों को बढ़ावा दिया जा रहा है। मिट्टी बांध जैसी संरचनाएं बारिश के पानी को रोककर जरूरत के समय उसका उपयोग करने में सहायक होती हैं। इससे कृषि कार्यों को सहारा मिलने के साथ ग्रामीण आजीविका को मजबूत करने में भी मदद मिल सकती है।

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सामने आई चबदा गांव की यह कहानी बताती है कि जल संरक्षण से जुड़े कार्य किसानों की खेती को आसान बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। बांध में संचित वर्षा जल से इस खरीफ सीजन में मिली राहत के बाद यह संरचना भविष्य में भी कृषि कार्यों के लिए उपयोगी साबित हो सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय