सूरजपुर में 11 स्थानों पर विधिक जागरूकता कार्यक्रम, नशे के खिलाफ 14 दिवसीय अभियान शुरू
सूरजपुर, 14 नवंबर (हि.स.)। बाल दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से जिले के 11 स्थानों पर विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान नालसा की डॉन (ड्रग अवेयरनेस एंड वेलनेस नेविगेशन-) योजना 2025 के तहत नशे के दुष्प्रभावों के प्रति बच्चों और युवाओं को जागरूक करने के लिए 14 दिवसीय विशेष अभियान की शुरुआत की गई। यह अभियान 14 से 27 नवंबर तक चलेगा। इसका उद्देश्य नशे से प्रभावित लोगों को कानूनी सहायता, परामर्श, उपचार और पुनर्वास की सुविधाओं से जोड़ना भी है।
अभियान के तहत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गिरवरगंज, शासकीय हाई स्कूल पसला, शासकीय माध्यमिक शाला धुरिया, अगस्तपुर, नवापारा कला, परसापारा, बेगारीडांड, कंदराई और केरता, आईसेड कंप्यूटर सेंटर भैयाथान तथा थाना परिसर रामानुजनगर में कार्यक्रम आयोजित किए गए।
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गिरवरगंज में आयोजित कार्यक्रम में प्राचार्य केपी कुजूर ने विद्यार्थियों को बाल दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बाल दिवस मनाने के उद्देश्य और बच्चों के अधिकारों के महत्व की जानकारी दी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से उपस्थित पैरालीगल वालंटियर सत्यनारायण ने नालसा डॉन योजना के उद्देश्यों और प्रावधानों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि नशे की लत व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक जीवन को प्रभावित करती है। इससे बचाव के लिए जागरूकता, सही मार्गदर्शन और समय पर परामर्श व उपचार जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने और आसपास के लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की अपील की। इस दौरान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से उपलब्ध कराए गए जागरूकता वीडियो भी दिखाए गए।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम, 1987 के तहत पात्र व्यक्तियों को मिलने वाली निःशुल्क कानूनी सहायता और सलाह की जानकारी दी गई। साथ ही विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया और आम नागरिकों की विधिक सेवा प्राधिकरण तक पहुंच के बारे में बताया गया। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 की जानकारी देते हुए उपलब्ध विधिक सहायता सेवाओं से भी अवगत कराया गया।
विद्यार्थियों को साइबर अपराध और ऑनलाइन सुरक्षा के बारे में भी जागरूक किया गया। उन्हें ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के उपाय बताए गए। साथ ही साइबर अपराध की शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 और ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया समझाई गई।
गिरवरगंज के कार्यक्रम में शिक्षक सूर्यनारायण यादव, अश्वनी कुमार झा, अन्य शिक्षक और पैरालीगल वालंटियर उमेश कुमार राजवाड़े उपस्थित रहे। जिले के अन्य निर्धारित स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में पैरालीगल वालंटियर्स रोहित कुमार राजवाड़े, बृजवासी सिंह, राम प्रसाद, सद्दाम हुसैन, राजिया खान, अक्षयवर लाल गुप्ता, नितेश कुमार साहू, पुष्पा साहू, कृष्णकांत कुशवाहा और अमन आकाश केरकेट्टा ने बच्चों एवं युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों, नालसा डॉन योजना और विधिक अधिकारों की जानकारी दी।
यह अभियान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष थॉमस एक्का के मार्गदर्शन और प्राधिकरण की सचिव पायल टोपनो के निर्देशन में संचालित किया जा रहा है। इसके माध्यम से बच्चों और युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए जागरूक करने के साथ जरूरतमंद लोगों को कानूनी सहायता, परामर्श, उपचार और पुनर्वास की सुविधाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

