home page

बालिका छात्रावासों में विधिक जागरूकता शिविर, पॉक्सो और साइबर सुरक्षा की दी जानकारी

 | 
बालिका छात्रावासों में विधिक जागरूकता शिविर, पॉक्सो और साइबर सुरक्षा की दी जानकारी


सूरजपुर, 28 सितंबर (हि.स.)। सूरजपुर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के मार्गदर्शन में आज सोमवार को शासकीय आदर्श आदिवासी पोस्ट मैट्रिक बालिका छात्रावास और शासकीय अन्य पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक बालिका छात्रावास सूरजपुर में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में व्यवहार न्यायाधीश वरिष्ठ श्रेणी अंजली पाण्डेय ने छात्राओं को विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी।

न्यायाधीश ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्य एवं उद्देश्यों के साथ पॉक्सो अधिनियम के महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने नाबालिग बच्चों को कानून से मिलने वाली विशेष सुरक्षा, पॉक्सो मामलों की गंभीरता और जिले में स्थापित फास्ट ट्रैक कोर्ट की भूमिका के बारे में बताया। छात्राओं से किसी भी प्रकार के शोषण या अपराध की स्थिति में चुप न रहने और समय पर सहायता लेने की अपील की गई।

शिविर में साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी, एआई और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, फर्जी लिंक, ब्लैकमेलिंग सहित डिजिटल माध्यम से होने वाले अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए। इसके अलावा मोटर वाहन अधिनियम, यातायात नियमों, सड़क दुर्घटना के बाद दुर्घटना दावा प्रकरण में मिलने वाली विधिक सहायता और मुआवजा प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई।

छात्राओं को नालसा शिक्षा योजना 2026, एसिड अटैक पीड़ितों के लिए विधिक सेवाएं योजना तथा मानव तस्करी एवं वाणिज्यिक यौन शोषण पीड़ितों के लिए विधिक सेवाएं योजना 2015 की जानकारी दी गई। साथ ही नालसा के टोल फ्री नंबर 15100 के माध्यम से मिलने वाली कानूनी सहायता के बारे में बताया गया।

इस दौरान छात्राओं और छात्रावास अधीक्षिकाओं ने पॉक्सो, साइबर अपराध, सोशल मीडिया, सड़क दुर्घटना और विधिक सहायता से जुड़े सवाल पूछे, जिनका न्यायाधीश ने सरल भाषा में जवाब दिया। कार्यक्रम में छात्रावास अधीक्षिका पूजा गुप्ता, अनातासिया एक्का, पीएलवी सत्य नारायण और पीएलवी उमेश कुमार रजवाड़े उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय