home page

सूरजपुर में अवैध खनिज परिवहन पर कार्रवाई, गिट्टी और रेत से लदे 11 वाहन जब्त

 | 
सूरजपुर में अवैध खनिज परिवहन पर कार्रवाई, गिट्टी और रेत से लदे 11 वाहन जब्त


सूरजपुर, 24 अक्टूबर (हि.स.)। सूरजपुर जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए शनिवार को 11 वाहनों को जब्त किया है। कलेक्टर रेना जमील के निर्देश पर खनिज विभाग की टीम ने प्रतापपुर विकासखंड के खड़गांव और राजापुर क्षेत्र में जांच के दौरान अवैध परिवहन करते वाहनों को पकड़ा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, खड़गांव क्षेत्र में गिट्टी का अवैध परिवहन करते तीन हाइवा वाहन मिले। वहीं, राजापुर में रेत का अवैध परिवहन करते आठ टिप्परों पर कार्रवाई की गई। खनिज विभाग की टीम ने सभी 11 वाहनों को जब्त कर संबंधित थाने के सुपुर्द कर दिया।

जिले में अवैध खनन और खनिजों के परिवहन पर रोक लगाने के लिए प्रशासन की ओर से कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, नियमों का उल्लंघन कर खनिज परिवहन करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय