home page

सूरजपुर : जनपद पंचायत के बाहर दुकानों में भीषण आग

 | 
सूरजपुर : जनपद पंचायत के बाहर दुकानों में भीषण आग


सूरजपुर, 15 अप्रैल (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में बुधवार की सुबह उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब जनपद पंचायत कार्यालय के ठीक बाहर स्थित अस्थायी झोपड़ियों और दुकानों में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास की दुकानों को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

इस घटना की सबसे डरावनी बात यह थी कि आग के ठीक बगल में जनपद पंचायत को बिजली सप्लाई करने वाला एक भारी-भरकम जनरेटर रखा था, यदि आग की चिंगारी वहां तक पहुँच जाती, तो एक बड़ा विस्फोट हो सकता था। हालांकि, स्थानीय दुकानदारों ने अदम्य साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए दमकल का इंतज़ार करने के बजाय खुद ही बाल्टियों से पानी डालना शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।

शुरुआती तौर पर आग का कारण शॉर्ट सर्किट या किसी मानवीय लापरवाही को माना जा रहा है, लेकिन प्रशासन ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन कुछ गरीब दुकानदारों का सामान जलकर खाक हो गया है। फिलहाल, मौके पर शांति है और प्रशासन मामले की बारीकी से जांच कर रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह