धान का बेहतर मूल्य मिलने से खेती के विस्तार की तैयारी, किसान रेवती राम खरीदेंगे अतिरिक्त कृषि भूमि
सूरजपुर, 27 नवंबर (हि.स.)। धान का बेहतर मूल्य मिलने और खरीद केंद्रों में सुविधाजनक व्यवस्था से किसानों को खेती में निवेश का अवसर मिल रहा है। सूरजपुर विकासखंड के ग्राम गिरवरगंज निवासी किसान रेवती राम भी धान बिक्री से मिलने वाली राशि का उपयोग अतिरिक्त कृषि भूमि खरीदने में करने की तैयारी कर रहे हैं। उनका कहना है कि बेहतर मूल्य मिलने से खेती से होने वाली आमदनी में सुधार हुआ है और अब कृषि का विस्तार करना संभव हो रहा है।
खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीद के दौरान रेवती राम अपने 60 क्विंटल धान के साथ उपार्जन केंद्र पहुंचे। उन्होंने बताया कि उनके पुत्र ने ‘टोकन तुंहर हाथ’ मोबाइल ऐप के माध्यम से धान विक्रय के लिए टोकन प्राप्त किया था। इस वर्ष वे अब तक 60 क्विंटल धान बिक्री के लिए ला चुके हैं, जबकि लगभग 60 क्विंटल धान का विक्रय अभी शेष है।
रेवती राम ने बताया कि धान बिक्री से मिलने वाली राशि से वे अतिरिक्त कृषि भूमि खरीदना चाहते हैं, ताकि खेती का रकबा बढ़ा सकें। उनके अनुसार पहले धान का अपेक्षाकृत कम मूल्य मिलने और खाद व सिंचाई पर होने वाले खर्च के कारण खेती से पर्याप्त लाभ नहीं मिल पाता था। अब उपज का बेहतर मूल्य मिलने से आर्थिक स्थिति में सुधार हो रहा है और कृषि में निवेश की संभावना बढ़ी है।
किसान रेवती राम ने धान खरीदी की सुगम व्यवस्था और उपज का बेहतर मूल्य मिलने पर संतोष जताया। उन्होंने किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

