home page

सूरजपुर में दिव्यांगजनों को मिलेंगे कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण, 28 अक्टूबर से शिविर शुरू

 | 

सूरजपुर, 25 अक्टूबर (हि.स.)। दिव्यांगजनों को दैनिक जीवन में सुविधा उपलब्ध कराने और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा जिले में निःशुल्क कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। कलेक्टर रेना जमील के मार्गदर्शन में भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) के माध्यम से एडिप योजना के तहत पात्र दिव्यांगजनों का चिन्हांकन किया जाएगा। शिविरों का आयोजन 28 अक्टूबर से 6 नवंबर तक अलग-अलग विकासखंडों में होगा।

शिविरों में पात्र दिव्यांगजनों की जरूरत के अनुसार कृत्रिम अंग, व्हीलचेयर, बैसाखी, श्रवण यंत्र सहित अन्य सहायक उपकरणों के लिए चिन्हांकन और वितरण की प्रक्रिया की जाएगी। कलेक्टर रेना जमील ने जिले के पात्र दिव्यांगजनों से निर्धारित तिथि और स्थान पर पहुंचकर शिविर का लाभ लेने की अपील की है।

जिला प्रशासन द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 28 अक्टूबर को प्रेमनगर जनपद पंचायत भवन में जनपद पंचायत और नगर पंचायत क्षेत्र के हितग्राहियों के लिए शिविर लगाया जाएगा। 29 अक्टूबर को ओड़गी क्षेत्र के दिव्यांगजनों के लिए मंगल भवन, ओड़गी में शिविर आयोजित होगा। वहीं, 30 अक्टूबर को मंगल भवन, प्रतापपुर में प्रतापपुर जनपद पंचायत के साथ नगर पंचायत प्रतापपुर, जरही और भटगांव क्षेत्र के पात्र हितग्राहियों का चिन्हांकन किया जाएगा।

इसी क्रम में 4 नवंबर को मंगल भवन, भैयाथान में, 5 नवंबर को सामुदायिक भवन, कौशलपुर (रामानुजनगर) में और 6 नवंबर को मंगल भवन, सूरजपुर में शिविर आयोजित होगा। इन शिविरों में संबंधित जनपद पंचायतों और नगरीय निकाय क्षेत्रों के पात्र दिव्यांगजन शामिल हो सकेंगे।

शिविर में आने वाले दिव्यांगजनों को अपने साथ दिव्यांगता प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, यूडीआईडी कार्ड, आय प्रमाण पत्र अथवा बीपीएल राशन कार्ड और पासपोर्ट साइज के दो फोटो लाने होंगे। उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर पात्रता का परीक्षण कर जरूरत के अनुसार सहायक उपकरणों के लिए चिन्हांकन किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय