home page

सूरजपुर में 212 दिव्यांगजनों का पंजीयन, 31 को मिले कृत्रिम अंग एवं कैलिपर्स

 | 
सूरजपुर में 212 दिव्यांगजनों का पंजीयन, 31 को मिले कृत्रिम अंग एवं कैलिपर्स


सूरजपुर, 29 अक्टूबर (हि.स.)। सूरजपुर जिले में दिव्यांगजनों और बच्चों को उनकी जरूरत के अनुसार निःशुल्क कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन की ओर से शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। गुरुवार को ओड़गी में आयोजित शिविर में 70 दिव्यांगजनों का पंजीयन किया गया, जबकि प्रेमनगर और ओड़गी के शिविरों में कुल 212 दिव्यांगजनों का पंजीयन हुआ। इनमें से 31 दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग एवं कैलिपर्स उपलब्ध कराए गए। वहीं, जरूरत के अनुसार सहायक उपकरण देने के लिए 75 दिव्यांगजनों का चिन्हांकन किया गया है।

समाज कल्याण विभाग और भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) के सहयोग से 28 अक्टूबर को प्रेमनगर तथा 29 अक्टूबर को ओड़गी में शिविर आयोजित किए गए। प्रेमनगर में 142 दिव्यांगजनों का पंजीयन किया गया। इनमें से 17 को कृत्रिम अंग एवं कैलिपर्स उपलब्ध कराए गए, जबकि 45 लोगों को सहायक उपकरण वितरण के लिए चिन्हांकित किया गया। ओड़गी में 70 दिव्यांगजनों का पंजीयन हुआ। यहां 14 लोगों को कृत्रिम अंग एवं कैलिपर्स का लाभ मिला तथा 30 को सहायक उपकरण के लिए चिन्हांकित किया गया।

इसी क्रम में समग्र शिक्षा जिला कार्यालय और एलिम्को के सहयोग से रामानुजनगर एवं प्रेमनगर में विशेष आवश्यकता वाले 6 से 18 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए निःशुल्क आकलन एवं मूल्यांकन शिविर भी आयोजित किया गया। इसमें 66 बच्चों का चिन्हांकन किया गया है। इन बच्चों को उनकी शारीरिक और अन्य आवश्यकताओं के अनुरूप कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे उन्हें दैनिक गतिविधियों के साथ पढ़ाई में भी सुविधा मिल सकेगी।

कलेक्टर रेना जमील और जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले के मार्गदर्शन में आयोजित बाल शिविर में एलिम्को के विशेषज्ञ डॉ. नजमुल फकीर और डॉ. सूरजपाल सिंह ने बच्चों की जरूरतों का आकलन किया। शिविर में जिला मिशन समन्वयक मनोज कुमार साहू, बीआरसीसी विजय साहू, बीपीओ साक्षर भारत रविनाथ तिवारी सहित संबंधित अधिकारी, विशेष शिक्षक और अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

जिला प्रशासन के अनुसार, दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए आगामी दिनों में भी शिविर लगाए जाएंगे। 30 अक्टूबर को मंगल भवन, प्रतापपुर में जनपद पंचायत तथा नगर पंचायत प्रतापपुर, जरही और भटगांव क्षेत्र के लिए शिविर आयोजित होगा। 4 नवंबर को मंगल भवन, भैयाथान, 5 नवंबर को सामुदायिक भवन, कौशलपुर (रामानुजनगर) और 6 नवंबर को मंगल भवन, सूरजपुर में शिविर लगाए जाएंगे।

शिविर में शामिल होने वाले पात्र दिव्यांगजन अपने साथ दिव्यांगता प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, यूडीआईडी कार्ड, आय प्रमाण पत्र अथवा बीपीएल राशन कार्ड और पासपोर्ट साइज के दो फोटो लेकर पहुंचें। दस्तावेजों के आधार पर पात्रता की जांच कर आवश्यक उपकरणों के लिए चिन्हांकन किया जाएगा। जिन दिव्यांगजनों के प्रमाण पत्र नहीं बने हैं, उनकी सूची तैयार करने के लिए संबंधित सचिवों को निर्देश दिए गए हैं, ताकि पात्र लोगों को योजना का लाभ दिलाया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय