सूरजपुर : निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर सख्त, गुणवत्ता और समयसीमा पर दिया जोर
सूरजपुर, 02 अप्रैल (हि.स.)। सूरजपुर जिले में निर्माण कार्यों की प्रगति को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने सभी विभागों को गुणवत्ता और समयसीमा का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर एस. जयवर्धन की अध्यक्षता में आज गुरुवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में विभिन्न निर्माण विभागों की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग, लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना, राष्ट्रीय राजमार्ग, सेतु निर्माण विभाग, छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेस कॉर्पोरेशन, हाउसिंग बोर्ड और विद्युत विभाग के कार्यपालन अभियंता उपस्थित रहे।
बैठक में आदिम जाति विकास विभाग के अंतर्गत संचालित छात्रावासों और एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों की स्थिति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने छात्रावासों में आ रही समस्याओं के त्वरित निराकरण और आवश्यक मरम्मत कार्य करने के निर्देश दिए, साथ ही बच्चों के लिए सुरक्षित और अनुकूल वातावरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजनाओं के तहत निर्मित सड़कों की स्थिति का आकलन करते हुए कलेक्टर ने आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए। सेतु निर्माण विभाग से पुलों की जानकारी लेते हुए उन्होंने जर्जर पुलों के स्थान पर शीघ्र नए पुल निर्माण और नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
लोक निर्माण विभाग के तहत सड़क मरम्मत, चौड़ीकरण, स्कूल भवन, बाउंड्री वॉल और छात्रावास निर्माण जैसे कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को फील्ड में जाकर नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए। साथ ही नए सड़क निर्माण कार्यों को तेजी से पूर्ण करने पर बल दिया गया।
हाउसिंग बोर्ड, विद्युत विभाग और छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेस कॉर्पोरेशन के कार्यों की भी समीक्षा की गई। विद्युत विभाग को ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युतीकरण और किसानों से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए, जबकि मेडिकल सर्विसेस कॉर्पोरेशन को निर्माण कार्य समयसीमा में पूर्ण करने को कहा गया।
बैठक में कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले में चल रहे सभी निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा किया जाए, ताकि आम जनता को इनका लाभ शीघ्र मिल सके। इसके लिए उन्होंने सतत निगरानी और गुणवत्ता नियंत्रण पर विशेष जोर दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

