home page

बिहारपुर महाविद्यालय में राष्ट्रीय एकता दिवस पर निकली ‘रन फॉर यूनिटी’, विद्यार्थियों ने ली एकता की शपथ

 | 
बिहारपुर महाविद्यालय में राष्ट्रीय एकता दिवस पर निकली ‘रन फॉर यूनिटी’, विद्यार्थियों ने ली एकता की शपथ


बलरामपुर, 31 अक्टूबर (हि.स.)। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर शनिवार को शासकीय नवीन महाविद्यालय चांदनी बिहारपुर में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने ‘रन फॉर यूनिटी’ में हिस्सा लेकर देश की एकता और अखंडता का संदेश दिया। इस दौरान विद्यार्थियों और महाविद्यालय के कर्मचारियों ने राष्ट्र की एकता, सुरक्षा और अखंडता बनाए रखने की सामूहिक शपथ भी ली।

कार्यक्रम का आयोजन अतिरिक्त प्रभारी प्राचार्य रंजीत कुमार सातपुते के मार्गदर्शन और राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी धीरेंद्र कुमार जायसवाल के नेतृत्व में किया गया। वरिष्ठ प्राध्यापक जायसवाल ने उपस्थित विद्यार्थियों और कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। सभी ने देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने तथा राष्ट्रहित के प्रति समर्पित रहने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर धीरेंद्र कुमार जायसवाल ने सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन और देश के एकीकरण में उनके योगदान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आजादी के बाद सरदार पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और कुशल नेतृत्व से 560 से अधिक रियासतों को भारतीय संघ में शामिल कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में उनके योगदान के कारण ही उन्हें लौह पुरुष के नाम से जाना जाता है।

उन्होंने विद्यार्थियों से सरदार पटेल के आदर्शों को अपनाने और सामाजिक सद्भाव बनाए रखते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापकों ने भी उनके जीवन और कार्यों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को देशहित में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के तहत आयोजित एकता दौड़ में छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। इस दौरान भारत माता और सरदार वल्लभभाई पटेल के जयकारों के साथ राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया। आयोजन में महाविद्यालय के बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय