home page

आवास प्लस 2.0 से सूरजपुर के 14,168 ग्रामीण परिवारों को मिलेगा पक्का मकान, 1,500 से अधिक आवास स्वीकृत

 | 
आवास प्लस 2.0 से सूरजपुर के 14,168 ग्रामीण परिवारों को मिलेगा पक्का मकान, 1,500 से अधिक आवास स्वीकृत


बलरामपुर, 21 नवंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत आवास प्लस 2.0 के माध्यम से जिले के 14,168 ग्रामीण परिवारों को पक्के आवास की सौगात मिलेगी। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए मिले लक्ष्य के अनुसार पात्र हितग्राहियों के आवास स्वीकृति और राशि हस्तांतरण की प्रक्रिया जारी है। जिला प्रशासन ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आवास स्वीकृत होते ही हितग्राहियों के बैंक खातों में पहली किस्त की राशि अंतरित की जाए, ताकि निर्माण कार्य जल्द शुरू हो सके।

भारत सरकार और राज्य शासन के निर्देशानुसार पात्र परिवारों के सर्वेक्षण के बाद स्थायी प्रतीक्षा सूची तैयार कर ली गई है। विकासखंडवार निर्धारित लक्ष्य के अनुसार भैयाथान में 1,931, ओड़गी में 1,815, प्रतापपुर में 3,280, प्रेमनगर में 1,700, रामानुजनगर में 2,746 और सूरजपुर में 2,696 आवास स्वीकृत किए जाएंगे।

कलेक्टर रेना जमील और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजेंद्र सिंह पाटले के मार्गदर्शन में स्वीकृति की कार्रवाई की जा रही है। अब तक 1,500 से अधिक आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं। शेष पात्र हितग्राहियों के आवास स्वीकृति की प्रक्रिया भी जारी है।

कलेक्ट्रेट से शनिवार काे मिली जानकारी के अनुसार आवास प्लस 2.0 के तहत भारत सरकार ने स्थायी प्रतीक्षा सूची में शामिल हितग्राहियों की प्राथमिकता के आधार पर ग्राम पंचायतवार लक्ष्य निर्धारित किया है। संबंधित जनपद पंचायतों के माध्यम से हितग्राहियों की सूची ग्राम पंचायत सचिवों और ग्राम रोजगार सहायकों को उपलब्ध करा दी गई है। ग्रामीण अपनी ग्राम पंचायत में सूची का अवलोकन कर सकते हैं।

आवास स्वीकृति से पहले पोर्टल पर हितग्राहियों के दस्तावेज और पात्रता का ऑनलाइन सत्यापन किया जा रहा है। इसमें जियोटैगिंग, जॉब कार्ड मैपिंग, आधार सीडिंग, ई-केवाईसी और एआई वैलिडेशन शामिल हैं। इसके साथ ही वीबी-जी राम जी के माध्यम से जॉब कार्ड में जरूरी सुधार और नए जॉब कार्ड बनाने की प्रक्रिया भी चल रही है।

जिला प्रशासन ने हितग्राहियों से स्पष्ट किया है कि आवास स्वीकृति, सूची में नाम जुड़वाने या किस्त जारी कराने के लिए किसी को भी पैसे देने की जरूरत नहीं है। यदि कोई व्यक्ति इस काम के नाम पर राशि की मांग करता है तो उसके झांसे में न आएं और तत्काल शिकायत करें। इसके लिए जिलास्तरीय हेल्पलाइन नंबर 9244049285 पर संपर्क किया जा सकता है। संबंधित जनपद पंचायत या जिला पंचायत में भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के क्रियान्वयन में सूरजपुर जिले ने आवास पूर्णता के मामले में भी बेहतर उपलब्धि हासिल की है। जिले में अब तक कुल 72,365 स्वीकृत आवासों में से 67,021 का निर्माण पूरा हो चुका है। आवास पूर्णता का प्रतिशत 92.62 है, जबकि शेष आवास निर्माणाधीन हैं। वित्तीय वर्ष 2024-26 की आवास पूर्णता उपलब्धि के आधार पर सूरजपुर ने छत्तीसगढ़ में दूसरा स्थान प्राप्त किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय