home page

संभाग स्तरीय शालेय प्रतियोगिता में सूरजपुर के 32 विद्यार्थी चयनित, राज्य स्तर पर करेंगे प्रतिनिधित्व

 | 
संभाग स्तरीय शालेय प्रतियोगिता में सूरजपुर के 32 विद्यार्थी चयनित, राज्य स्तर पर करेंगे प्रतिनिधित्व


सूरजपुर, 24 सितंबर (हि.स.)। संभाग स्तरीय शालेय प्रतियोगिता में सूरजपुर जिले के विद्यार्थियों ने बेहतर खेल प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए जगह बनाई है। 21 और 22 सितंबर को सरगुजा संभाग के विभिन्न खेल परिसरों में आयोजित प्रतियोगिता में जिले के 32 छात्र-छात्राओं का चयन हुआ है। चयनित खिलाड़ी अब राज्य स्तरीय शालेय प्रतियोगिता में सरगुजा संभाग का प्रतिनिधित्व करेंगे। कलेक्टर रेना जमील ने सभी चयनित विद्यार्थियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

प्रतियोगिता में सूरजपुर जिले की 14 वर्ष आयु वर्ग की बालक और बालिका वॉलीबॉल टीम ने स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं 19 वर्ष आयु वर्ग की हैंडबॉल प्रतियोगिता में बालकों ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि बालिका टीम उपविजेता रही। 19 वर्ष आयु वर्ग कबड्डी में भी जिले की बालक टीम ने उपविजेता रहते हुए रजत पदक प्राप्त किया।

नेटबॉल में 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक और बालिका वर्ग से आठ खिलाड़ियों का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ। खेलवार चयनित खिलाड़ियों में वॉलीबॉल से 10, हैंडबॉल से नौ, नेटबॉल से आठ और सॉफ्टबॉल से पांच खिलाड़ी शामिल हैं। इस तरह कुल 32 छात्र-छात्राएं राज्य स्तरीय शालेय प्रतियोगिता में सरगुजा संभाग का प्रतिनिधित्व करेंगे।

आज गुरुवार को जिले में खिलाड़ियों के चयन की जानकारी मिलने के बाद खेल विभाग और प्रशिक्षकों ने विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना की। इस अवसर पर सहायक जिला क्रीड़ा अधिकारी शरदेन्दु कुमार शुक्ल, कौशल्या सिंह, सुनीता राजवाड़े, दिनेश साहू, रावेन्द्र वर्मा, सुशील सिंह, सुनैना जायसवाल, विक्रम उस्मनिया, अभिषेक सिंह सहित संभाग के छह जिलों से आए प्रशिक्षक, अधिकारी-कर्मचारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय