home page

सुकमा एसपी ने डीआईजी सीआरपीएफ के साथ अंदरूनी क्षेत्रों की सुरक्षा व कानून-व्यवस्था की समीक्षा

 | 
सुकमा एसपी ने डीआईजी सीआरपीएफ के साथ अंदरूनी क्षेत्रों की सुरक्षा व कानून-व्यवस्था की समीक्षा


सुकमा, 26 जुलाई (हि.स.)। जिले के नव पदस्थ सुकमा एसपी मयंक गुर्जर ने सीआरपीएफ के उप पुलिस महानिरीक्षक (डीआईजी) आनंद राज पुरोहित के साथ आज रविवार काे जिले के संवेदनशील एवं अंदरूनी क्षेत्रों का दौरा कर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा की।

इस दौरान उन्होंने थाना दोरनापाल, चिंतागुफा, चिंतलनार सहित संबंधित सीआरपीएफ कैंपों का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों एवं जवानों से क्षेत्र की वर्तमान सुरक्षा स्थिति की विस्तृत जानकारी ली और कानून-व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने, सतर्कता बढ़ाने तथा पुलिस एवं सुरक्षाबलों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के बाद पुलिस अधीक्षक सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचे, जहां उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव सुने। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश देते हुए आमजन को बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने पर जाेर दिया। गुर्जर ने बच्चों से आत्मीय मुलाकात कर उन्हें चिप्स, चॉकलेट एवं बिस्किट वितरित किए। बच्चों के साथ तस्वीरें खिंचवाकर पुलिस के प्रति अपनापन और विश्वास का संदेश दिया गया। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण समुदाय, विशेषकर बच्चों के बीच पुलिस के प्रति सकारात्मक सोच और भरोसा मजबूत करना बताया गया।

सुकमा पुलिस ने कहा कि जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ जनसहभागिता आधारित पुलिसिंग को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि या वस्तु की जानकारी तत्काल निकटतम पुलिस थाना अथवा डायल 112 पर दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे