home page

संबलपुर बायपास में भीषण आग, धमतरी पुलिस की तत्परता से टला बड़ा हादसा

 | 
संबलपुर बायपास में भीषण आग, धमतरी पुलिस की तत्परता से टला बड़ा हादसा


धमतरी, 03 जून (हि.स.)। संबलपुर बायपास मार्ग पर मंगलवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क किनारे अचानक भीषण आग भड़क उठी। आग तेजी से फैलने लगी, जिससे आसपास के क्षेत्र में बड़े नुकसान की आशंका पैदा हो गई। सूचना मिलते ही धमतरी पुलिस ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) धमतरी अभिषेक चतुर्वेदी के नेतृत्व में अर्जुनी थाना पुलिस की टीम ने घटनास्थल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और आग को फैलने से रोकने के लिए मोर्चा संभाल लिया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर नियंत्रण पाने का प्रयास शुरू कर दिया। पुलिस की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से आग को आसपास के क्षेत्रों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे संभावित जन हानि और संपत्ति के बड़े नुकसान की आशंका टल गई। बाद में फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाकर आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।

पुलिस और फायर ब्रिगेड के समन्वित प्रयासों से स्थिति जल्द ही सामान्य हो गई। धमतरी पुलिस की तत्परता, जिम्मेदारी और त्वरित निर्णय क्षमता की स्थानीय लोगों ने सराहना की। समय रहते की गई कार्रवाई के कारण एक बड़ा हादसा टल गया और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कायम रही। धमतरी पुलिस ने कहा है कि आमजन की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। मालूम हो कि गर्मी के मौसम में कई जगह आगजनी की घटना हो रही है। चारों ओर वातावरण में उष्णता का माहौल होने से हल्की सी चिंगारी भी आग का रूप ले लेती है इसलिए प्रशासन ने लोगों से एहतियात बरतने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा