home page

करंट की चपेट में आने से सब स्टेशन ऑपरेटर की मौत, पुलिस जांच में जुटी

 | 

बिलासपुर, 31 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के तखतपुर क्षेत्रांतर्गत ग्राम कुरेली स्थित बिजली सब स्टेशन में ड्यूटी के दौरान करंट की चपेट में आने से सब स्टेशन ऑपरेटर की मौत हो गई है। परिजनाें का आरोप है कि ऑपरेटर को काम के दौरान आवश्यक सुरक्षा उपकरण तक उपलब्ध नहीं कराए गए थे।

जानकारी के अनुसार, घटना हिर्री थाना क्षेत्र का है। ग्राम कुरेली स्थित बिजली सब स्टेशन में 32 वर्षीय अमन साहू ठेका कंपनी के अंतर्गत स्टेशन ऑपरेटर के रूप में काम करता था। बीती रात अमन साहू सब स्टेशन में ड्यूटी पर तैनात था। रातभर ड्यूटी करने के बाद आज सुबह जब रिलीवर ऑपरेटर सब स्टेशन पहुंचा, तब हादसे की जानकारी सामने आई। अमन सब स्टेशन के कार्यालय में अचेत अवस्था में पड़ा हुआ था। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस द्वारा पंचनामा कार्रवाई उपरांत शव काे पाेस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं परिजनाें ने आरोप लगाया है कि जान जोखिम में डालकर काम करने वाले ऑपरेटर को पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए थे। हालांकि, सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता, हादसे के वास्तविक कारण और विभागीय जिम्मेदारी को लेकर जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल