home page

धमतरी : भखारा में खुलेगा उप पंजीयक कार्यालय, रजिस्ट्री सेवाएं होंगी आसान

 | 
धमतरी : भखारा में खुलेगा उप पंजीयक कार्यालय, रजिस्ट्री सेवाएं होंगी आसान


धमतरी, 05 फ़रवरी (हि.स.)। राज्य सरकार ने आम नागरिकों को रजिस्ट्री एवं पंजीयन से जुड़ी सेवाएं सरल, सुलभ और समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराने की दिशा में एक अहम जनहितकारी निर्णय लिया है। रजिस्ट्रीकरण अधिनियम–1908 के तहत भखारा (जिला धमतरी), लवन (तहसील मुख्यालय, जिला बलौदाबाजार-भाटापारा), सकरी एवं राजकिशोर नगर (जिला बिलासपुर) में चार नए उप पंजीयक कार्यालय खोलने की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। इस निर्णय से धमतरी जिले के भखारा एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी। अब रजिस्ट्री संबंधी कार्यों के लिए जिला मुख्यालय धमतरी तक लंबी दूरी तय करने की आवश्यकता नहीं होगी। इससे समय और खर्च की बचत होगी, पंजीयन कार्यालयों में भीड़ कम होगी और स्थानीय स्तर पर ही पारदर्शी एवं सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि भखारा में उप पंजीयक कार्यालय खुलने से क्षेत्र के नागरिकों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। यह कदम प्रशासनिक विकेंद्रीकरण को मजबूत करेगा और पंजीयन प्रक्रिया को अधिक तेज, पारदर्शी एवं जनसुलभ बनाएगा। इसके साथ ही क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि सरकारी सेवाएं आम नागरिकों तक उनके नजदीकी स्तर पर पहुंचें। नए उप पंजीयक कार्यालयों की स्थापना से पंजीयन से जुड़े कार्यों में सुगमता आएगी और सुशासन को और मजबूती मिलेगी।

पंजीयन विभाग द्वारा लागू किए गए 10 नवाचारात्मक सुधारों का लाभ इन नए कार्यालयों के माध्यम से भी मिलेगा। इनमें ऑटो डीड जनरेशन, आधार आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन, घर बैठे रजिस्ट्री, स्वतः नामांतरण, ऑनलाइन भारमुक्त प्रमाणपत्र, एकीकृत कैशलेस भुगतान, व्हाट्सएप आधारित सेवाएं, डिजीलॉकर एकीकरण, डिजी-डॉक सेवा तथा खसरा नंबर के माध्यम से ऑनलाइन सर्च और रजिस्ट्री डाउनलोड जैसी सुविधाएं शामिल हैं। राज्य सरकार का यह निर्णय पंजीयन व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनोन्मुखी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा