अंग्रेजी शिक्षक के स्थानांतरण से तेंदूकोना माध्यमिक शाला में पढ़ाई प्रभावित
धमतरी, 11 सितंबर (हि.स.)। शासकीय माध्यमिक शाला तेंदूकोना में अंग्रेजी विषय के शिक्षक के स्थानांतरण के बाद विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होने की बात सामने आई है। अंग्रेजी शिक्षक की व्यवस्था की मांग को लेकर शाला प्रबंधन समिति के पदाधिकारी एवं अभिभावक शुक्रवार को कलेक्ट्रेट एवं जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने विद्यार्थियों के हित में जल्द शिक्षक की पदस्थापना करने की मांग की।
शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डायमंड ध्रुव एवं ग्रामीण शिवनंदन ध्रुव, गणेश राम, सुखदेव एवं गौतम कुमार ने बताया कि शासकीय माध्यमिक शाला तेंदूकोना में पूर्व में अंग्रेजी विषय के शिक्षक पारसनाथ सिन्हा पदस्थ थे। उनका स्थानांतरण होने के बाद स्कूल में अंग्रेजी विषय के अध्यापन की समस्या खड़ी हो गई है। विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए तत्काल वैकल्पिक शिक्षक की व्यवस्था जरूरी है। उन्होंने बताया कि स्कूल में कुल चार शिक्षक हैं। इनमें से एक शिक्षक संकुल समन्वयक की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। शासन के निर्देश के अनुसार उन्हें सीमित कालखंड ही अध्यापन करना होता है। वहीं प्रधानपाठक को शासकीय कार्यों के तहत दस्तावेज तैयार करने सहित अन्य जिम्मेदारियां भी निभानी पड़ती हैं। ऐसे में उपलब्ध शिक्षकों पर अतिरिक्त अध्यापन का भार पड़ रहा है।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि तेंदूकोना स्कूल के अंग्रेजी शिक्षक के जवरगांव माध्यमिक शाला जाने के कारण यहां अंग्रेजी विषय का अध्यापन और प्रभावित हो रहा है। उनका कहना है कि विद्यार्थियों के नियमित अध्यापन के लिए अंग्रेजी शिक्षक की व्यवस्था आवश्यक है। उन्होंने कलेक्टर एवं जिला शिक्षा अधिकारी से मांग की है कि विद्यार्थियों की पढ़ाई को ध्यान में रखते हुए शासकीय माध्यमिक शाला तेंदूकोना में तत्काल अंग्रेजी शिक्षक की पदस्थापना की जाए। साथ ही जवरगांव में अंग्रेजी शिक्षक उपलब्ध होने की स्थिति में तेंदूकोना में अन्य शिक्षक की व्यवस्था करने आग्रह किया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

