home page

मेरे सपनों का भारत: कोरबा में भाषण और चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मकता

 | 
मेरे सपनों का भारत: कोरबा में भाषण और चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मकता


मेरे सपनों का भारत: कोरबा में भाषण और चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मकता


कोरबा, 29 सितंबर (हि. स.)। सेवा संकल्प अभियान के तहत विद्यार्थियों की कल्पनाओं को मंच देने के उद्देश्य से ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर विकासखंड स्तरीय भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन आज पंप हाउस स्थित स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में किया गया।

प्रतियोगिता में कोरबा विकासखंड के विभिन्न शासकीय एवं निजी विद्यालयों से स्कूल स्तर पर चयनित विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने रंगों और कल्पनाओं के माध्यम से अपने सपनों के भारत की तस्वीर उकेरी। उनकी कलाकृतियों में विकसित भारत, शिक्षा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, तकनीकी प्रगति, समान अवसर और समृद्ध समाज जैसे विषय प्रमुखता से नजर आए। वहीं भाषण प्रतियोगिता में हिंदी और अंग्रेजी माध्यम के विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास के साथ अपने विचार रखे और बेहतर, समावेशी एवं विकसित भारत के निर्माण को लेकर अपनी आकांक्षाएं साझा कीं।

कार्यक्रम में चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष गोपाल मोदी, योगेश जैन, पार्षद रामकुमार साहू, अजय विश्वकर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, जिला शिक्षा अधिकारी एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा और रचनात्मक अभिव्यक्ति की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि बच्चों के विचारों में भविष्य के भारत की संभावनाएं दिखाई देती हैं। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ देश के विकास को लेकर अपनी सोच व्यक्त करने का अवसर देते हैं।

प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों में विजयी प्रतिभागियों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया। भाषण प्रतियोगिता के हिंदी और अंग्रेजी माध्यम के विजेता विद्यार्थियों को भी पुरस्कार प्रदान किए गए। चयनित विद्यार्थी अब 3 अक्टूबर को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय कार्यक्रम में कोरबा विकासखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी