home page

निबंध स्पर्धा के माध्यम से छात्र-छात्राओं ने रेखांकित किया मतदान और मतदाता सूची का महत्व

 | 
निबंध स्पर्धा के माध्यम से छात्र-छात्राओं ने रेखांकित किया मतदान और मतदाता सूची का महत्व


कोरबा, 05 नवंबर (हि. स.)। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार व्यवस्थित मतदाता शिक्षा और चुनावी भागीदारी (स्वीप) कार्यक्रम के तहत छात्र-छात्राओं को मतदान के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से गुरुवार को कमला नेहरू महाविद्यालय, कोरबा में एक निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। महाविद्यालय के शिक्षा संकाय द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता का मुख्य विषय श्शुद्ध मतदाता सूची एवं मतदान का महत्वश् रखा गया था, जिसमें भावी शिक्षकों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

प्रतियोगिता के दौरान कमला नेहरू महाविद्यालय के प्राचार्य डाॅ. प्रशांत बोपापुरकर ने विशेष रूप से परीक्षा कक्ष का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं से चर्चा की और उनका उत्साहवर्धन किया। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए डाॅ. बोपापुरकर ने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और एक सशक्त लोकतंत्र के निर्माण में उनकी भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से न केवल विद्यार्थियों की वैचारिक क्षमता का विकास होता है, बल्कि वे समाज को भी जागरूक करने में अपनी भूमिका निभा सकते हैं।

शिक्षा संकाय की सहायक प्राध्यापक डाॅ रश्मि शुक्ला की देखरेख में आयोजित इस स्पर्धा में छात्र-छात्राओं ने अपनी लेखनी के माध्यम से लोकतंत्र में एक-एक वोट की कीमत को समझाया। प्रतिभागियों ने अपने निबंध में इस बात पर विशेष जोर दिया कि एक पारदर्शी और मजबूत लोकतंत्र के लिए शुद्ध मतदाता सूची का होना कितना अनिवार्य है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे और किसी भी प्रकार के फर्जी मतदान की गुंजाइश न बचे। प्रतियोगिता के विजेताओं की घोषणा मूल्यांकन के पश्चात आगामी दिनों में की जाएगी और उन्हें पुरस्कृत भी किया जाएगा।

इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवा मतदाताओं, विशेषकर पहली बार वोट देने वाले (फर्स्ट टाइम वोटर्स) छात्र-छात्राओं को निर्वाचन प्रक्रिया से जोड़ना है। स्वीप योजना के अंतर्गत कॉलेज में लगातार विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से शत-प्रतिशत और निष्पक्ष मतदान के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

इस प्रतियोगिता के आयोजन में शिक्षा संकाय के सहायक प्राध्यापक नितेश यादव एवं शंकर यादव ने योगदान दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी