जांजगीर-चांपा पुलिस की पहल: लायंस स्कूल में छात्रों को यातायात नियमों और साइबर अपराध से बचाव की दी जानकारी
जांजगीर-चांपा, 27 अक्टूबर (हि. स.)। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा लगातार जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को यातायात पुलिस ने चांपा स्थित लायंस स्कूल में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव और राहवीर योजना के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में यातायात निरीक्षक सुभाष चौबे ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बताया कि यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। थोड़ी सी लापरवाही गंभीर सड़क दुर्घटना का कारण बन सकती है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को समझाया गया कि नाबालिगों को वाहन नहीं चलाना चाहिए। मोटरसाइकिल पर तीन सवारी बैठाने से बचना चाहिए और दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का उपयोग अनिवार्य रूप से करना चाहिए। इसके साथ ही तेज रफ्तार से वाहन चलाने के खतरों के बारे में जानकारी देते हुए सुरक्षित ड्राइविंग के लिए प्रेरित किया गया।
यातायात निरीक्षक सुभाष चौबे ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को केंद्र सरकार की राहवीर योजना के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस योजना का उद्देश्य सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के लिए आम नागरिकों को प्रोत्साहित करना है। योजना के तहत दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की जान बचाने के लिए उसे समय पर अस्पताल पहुंचाने वाले पात्र मददगार नागरिक को 25 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाती है।
उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटना के बाद घायल व्यक्ति की सहायता करने में लोगों को संकोच नहीं करना चाहिए। राहवीर योजना के माध्यम से लोगों को मदद के लिए आगे आने को प्रेरित किया जा रहा है। साथ ही मददगार नागरिकों को अनावश्यक कानूनी परेशानियों से बचाने के लिए भी प्रावधान किए गए हैं।
कार्यक्रम में साइबर अपराधों से बचाव को लेकर भी विशेष जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को ऑनलाइन धोखाधड़ी, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और इंटरनेट पर व्यक्तिगत जानकारी साझा करने से जुड़े खतरों के बारे में जागरूक किया गया। उन्हें अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधियों से सतर्क रहने और साइबर ठगी से बचने के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी गई।
यातायात पुलिस ने छात्र-छात्राओं से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिवार के सदस्यों तथा आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा और साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करें। पुलिस का उद्देश्य विद्यार्थियों के माध्यम से समाज में यातायात अनुशासन और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

