कोरबा : वात्सल्य पब्लिक स्कूल के बच्चों ने नुक्कड़ नाटक से दिया स्वच्छता और नशामुक्ति का संदेश
कोरबा, 01 अक्टूबर (हि. स.)। सेवा संकल्प कार्यक्रम के तहत वात्सल्य पब्लिक स्कूल, कोहड़िया के छात्र-छात्राओं ने गुरुवार को अप्पू गार्डन, अटल चौक के पास नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर आम लोगों को स्वच्छता और नशामुक्ति का प्रभावी संदेश दिया। कक्षा पहली से आठवीं तक के बच्चों ने अपनी शानदार प्रस्तुति के माध्यम से सामाजिक जागरूकता का संदेश देते हुए उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया। नन्हे कलाकारों ने अपनी अभिनय प्रतिभा के जरिए स्वच्छ और नशामुक्त समाज की आवश्यकता को बेहद सहज और प्रभावी तरीके से सामने रखा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं वार्ड पार्षद लक्ष्मण श्रीवास तथा प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के सचिव संदीप केसरवानी उपस्थित रहे। वहीं रोशनी पब्लिक स्कूल, धोढ़ीपारा के राजेंद्र तारक ने बच्चों एवं शिक्षकों को मार्गदर्शन प्रदान किया। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने बच्चों की प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि सामाजिक जागरूकता के कार्यों में बच्चों की भागीदारी समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
वार्ड पार्षद लक्ष्मण श्रीवास ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। यदि बचपन से ही उनमें स्वच्छता की आदत और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित की जाए, तो समाज को बेहतर दिशा दी जा सकती है। उन्होंने बच्चों के उत्साहवर्धन के लिए सभी प्रतिभागियों को टॉफियां वितरित कीं।
प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के सचिव संदीप केसरवानी ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों को जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिक बनाना भी है। उन्होंने कहा कि वात्सल्य पब्लिक स्कूल द्वारा विद्यार्थियों को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने का प्रयास सराहनीय है।
नुक्कड़ नाटक के दूसरे चरण में बच्चों ने नशामुक्ति विषय पर मार्मिक प्रस्तुति दी। नाटक के माध्यम से बताया गया कि नशे की लत किस तरह एक खुशहाल परिवार को धीरे-धीरे बर्बादी की ओर ले जाती है। बच्चों ने लोगों से नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लेने की अपील की। प्रस्तुति को दर्शकों ने खूब सराहा और तालियों के साथ बच्चों का उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रम के अंत में वात्सल्य पब्लिक स्कूल प्रबंधन ने अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर बच्चों ने अपनी प्रतिभा के साथ सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय देते हुए स्वच्छता और नशामुक्ति का संदेश आमजन तक पहुंचाया।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

