home page

अवैध कब्जों पर निगम की सख्त कार्रवाई, ढोढ़ीपारा में चला बुलडोजर

 | 
अवैध कब्जों पर निगम की सख्त कार्रवाई, ढोढ़ीपारा में चला बुलडोजर


हुडदंग करने वाली महिला को महिला सुरक्षा बल ने किया काबू

कोरबा, 05 फरवरी (हि. स.)। नगर निगम कोरबा द्वारा अवैध कब्जा और अतिक्रमण के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। निगम की अतिक्रमण निरोधी उड़नदस्ता टीम अब उन लोगों से कड़ाई से निपट रही है, जो पहले अवैध कब्जा करते हैं और फिर कार्रवाई के दौरान हुज्जतबाजी व हंगामा कर निगम के काम में बाधा डालने की कोशिश करते हैं। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ऐसी हरकतों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

आज गुरुवार को ढोढ़ीपारा क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने के दौरान निगम के कर्मचारियों के साथ अभद्रता और हुडदंग करने वाली एक अतिक्रमणकारी महिला को मौके पर मौजूद महिला सुरक्षा बल ने सख्ती के साथ काबू में किया। महिला को कड़ी चेतावनी दी गई कि यदि दोबारा कार्रवाई में बाधा डाली गई तो अतिक्रमण हटाने के साथ-साथ वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी।

नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा शासकीय भूमि, निगम की जमीनों और सार्वजनिक स्थलों पर किए जा रहे अवैध कब्जों को हटाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के निर्देश पर निगम में एक सशक्त अतिक्रमण निरोधी उड़नदस्ता टीम का गठन किया गया है, जिसकी कमान उपायुक्त नीरज कौशिक को सौंपी गई है। उपायुक्त के नेतृत्व में यह टीम लगातार क्षेत्र का भ्रमण कर अवैध कब्जों और अतिक्रमण पर नजर रखते हुए उन्हें हटाने की कार्रवाई कर रही है।

कार्रवाई के दौरान कई बार ऐसे मामले सामने आते हैं, जहां अतिक्रमणकारी निगम की कार्रवाई में विघ्न डालने, हुज्जतबाजी करने और दबाव बनाने का प्रयास करते हैं। निगम प्रशासन ने साफ कर दिया है कि अब ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। अतिक्रमण निरोधी टीम के साथ पुरुष सुरक्षा बल के अलावा महिला सुरक्षा बल भी तैनात किए गए हैं, ताकि कार्रवाई के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था पर तुरंत नियंत्रण किया जा सके।

सीएसईबी-दर्री मुख्य मार्ग पर स्थित ढोढ़ीपारा बस्ती में उपस्वास्थ्य केंद्र के बगल स्थित एक मकान के सामने बीम, कॉलम और छज्जा बनाकर अवैध अतिक्रमण किया गया था। मामले को संज्ञान में लेते हुए निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर बुलडोजर चलाते हुए अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया। इस दौरान अतिक्रमण करने वाली महिला ने टीम के सदस्यों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए कार्रवाई रोकने का प्रयास किया, लेकिन महिला सुरक्षा बल ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया।

नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने नागरिकों से अपील की है कि निगम क्षेत्र में शासकीय, निगम और सार्वजनिक भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा न करें। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण निरोधी टीम लगातार सक्रिय है और अवैध कब्जों के खिलाफ निरंतर कार्रवाई की जा रही है। आयुक्त ने निर्देश दिए हैं कि निगम के जोन कमिश्नर और मैदानी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्कता बनाए रखें और कहीं भी नए अतिक्रमण की जानकारी मिलते ही तुरंत अतिक्रमण निरोधी दस्ते को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी