home page

जांजगीर-चांपा में अवैध नशे की खेती पर सख्ती : कलेक्टर-एसपी के निर्देश, गांव-गांव होगा निरीक्षण

 | 
जांजगीर-चांपा में अवैध नशे की खेती पर सख्ती : कलेक्टर-एसपी के निर्देश, गांव-गांव होगा निरीक्षण


जांजगीर-चांपा, 23 मार्च (हि. स.)। जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। कलेक्टर जन्मेजय महोबे और पुलिस अधीक्षक विजय पांडेय ने राज्य शासन के निर्देशों के तहत संभावित अवैध अफीम और गांजा की खेती को ध्यान में रखते हुए आज सोमवार को ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में व्यापक सर्वे और निगरानी के निर्देश दिए हैं।

कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में पटवारी, पंचायत सचिव और कोटवार संयुक्त रूप से गांव-गांव जाकर खेतों का निरीक्षण करेंगे, वहीं नगरीय क्षेत्रों में पटवारी और नगर पालिका/पंचायत की टीम सर्वे करेगी। उन्होंने राजस्व, पुलिस और वन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी प्रकार की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

बैठक में कलेक्टर ने कहा कि कृषि, उद्यानिकी और रेशम विभाग के अधिकारियों को भी आपसी समन्वय के साथ इस अभियान में शामिल किया जाए, ताकि संदिग्ध फसलों की पहचान तेजी से की जा सके। विशेष रूप से नदी किनारे और वन क्षेत्रों से लगे इलाकों में निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं, जहां अवैध खेती की संभावना अधिक रहती है।

कलेक्टर ने तहसीलदार, पटवारी, पंचायत सचिव और कोटवारों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी क्षेत्र में अवैध अफीम या गांजा की खेती पाई जाती है, तो संबंधित जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। संदिग्ध फसल मिलने पर तत्काल जांच कर रिपोर्ट जिला प्रशासन और पुलिस को देने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर ज्ञानेंद्र सिंह ठाकुर, आर के तंबोली, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उदयन बेहार सहित राजस्व विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT