स्वच्छता के साथ सेहत का स्वाद, वेंडर्स ने सीखे सुरक्षित खानपान के गुर
धमतरी, 06 सितंबर (हि.स.)। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग, नेस्ले और नेशनल एसोसिएशन आफ स्ट्रीट वेंडर्स आफ इंडिया के संयुक्त आयोजन में शहर के एक होटल में रविवार काे स्ट्रीट फूड वेंडर्स के दो दिवसीय प्रशिक्षण का शुभारंभ हुआ। पहले दिन स्वच्छता और स्वस्थ खानपान पर जोर दिया गया।वेंडर्स को भोजन सुरक्षित रखने, साफ-सफाई बनाए रखने और तेल, नमक व चीनी का सीमित इस्तेमाल करने के ऐसे तरीके बताए गए, जिन्हें वे रोजाना अपने कारोबार में आसानी से अपना सकें।
नेशनल एसोसिएशन आफ स्ट्रीट वेंडर्स आफ इंडिया के अधिकृत प्रशिक्षक विशाल आनंद और को-आर्डिनेटर दिलीप ने वेंडर्स को खाद्य सुरक्षा के व्यावहारिक तरीके बताए। साफ कपड़े, एप्रन और टोपी पहनने के साथ भोजन को ढंककर रखने एवं चिमटे या चम्मच से परोसने की सलाह दी गई। खाना और पैसे संभालने के दौरान स्वच्छता रखने एवं डिजिटल भुगतान के लिए क्यूआर कोड लगाने पर जोर दिया गया। धूल, मक्खियों और कीड़ों से बचाव के लिए पारदर्शी कवर या जाली के इस्तेमाल की जानकारी दी गई। इस अवसर पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के अभिहित अधिकारी सर्वेश कुमार यादव ने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य वेंडर्स को केवल नियमों की जानकारी देना नहीं, बल्कि उन्हें रोजमर्रा के काम में अपनाने के सरल तरीके समझाना है। स्वच्छता और सुरक्षित भोजन की आदत से उपभोक्ताओं का स्वास्थ्य सुरक्षित रहेगा। साथ ही साफ-सुथरे स्टाल से ग्राहकों का भरोसा बढ़ेगा और इसका सीधा लाभ वेंडर्स के कारोबार को भी मिलेगा। इस अवसर पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी फनेश्वर पिथौरा, एकाउंटेंट संपत लाल पैंकरा, तोरण लाल परतेती सहित बड़ी संख्या में स्ट्रीट फूड वेंडर्स उपस्थित थे।
एक बार उपयोग किए गए तेल को बार-बार गर्म कर उपयोग नहीं करने की सलाह दी गई। तेल का रंग गहरा भूरा या काला होने या धुआं निकलने पर उसे बदलने की जानकारी दी गई।
साफ स्टाल से बनेगी अलग पहचान
प्रशिक्षण में वेंडर्स को बताया गया कि ग्राहक भोजन के स्वाद के साथ स्टाल की साफ-सफाई पर भी ध्यान देते हैं। इसलिए कच्चे और पके खाद्य पदार्थ अलग रखने, साफ बर्तनों का उपयोग करने और खाद्य सामग्री को ढककर रखने की आदत डालना जरूरी है। एप्रन और टोपी के साथ हाथों की नियमित सफाई पर भी जोर दिया गया। डस्टबिन को ठेले के पीछे छिपाने के बजाय सामने ऐसी जगह रखने कहा गया, जहां ग्राहक आसानी से कचरा डाल सकें। इससे सड़क पर गंदगी कम होगी और स्टाल की छवि बेहतर बनेगी।
खाने में घटाएं तेल, नमक और चीनी
प्रशिक्षण में वेंडर्स को भोजन में तेल, नमक और चीनी की मात्रा सीमित रखने की सीख दी गई। इन्हें मापने के लिए छोटे चम्मच का इस्तेमाल करने एवं वनस्पति घी की जगह दो-तीन प्रकार के तेल अपनाने की सलाह दी गई। फल, पत्तेदार सब्जियां, दालें, नटस, मिलेटस और साबुत अनाज को आहार में शामिल करने पर जोर दिया गया। मीठे की जगह फल लेने एवं कोल्ड ड्रिंक, मिठाई, अचार, नमकीन, जैम और तले खाद्य पदार्थों का सेवन सीमित रखने कहा गया। दही, फल और सलाद में अतिरिक्त नमक-चीनी से बचने, रोटी-चावल में अनावश्यक नमक न डालने के साथ नियमित व्यायाम और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी गई।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

