home page

रायपुर : बैज अपने फेयरवेल से पहले अंतर्कलह से जूझती कांग्रेस में जितनी नियुक्तियाँ कर लें, कांग्रेस की साख नहीं लौटेगी : भाजपा

 | 
रायपुर : बैज अपने फेयरवेल से पहले अंतर्कलह से जूझती कांग्रेस में जितनी नियुक्तियाँ कर लें, कांग्रेस की साख नहीं लौटेगी : भाजपा


रायपुर 25 फ़रवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने कांग्रेस पार्टी में की जा रही संगठनात्मक नियुक्तियों पर तंज कसते हुए कहा है कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज अब अपने फेयरवेल से पहले अंतर्कलह से जूझ रही कांग्रेस में अब कितनी भी नियुक्तियाँ कर लें, जनता के बीच अपनी खोई हुई साख कांग्रेस वापस नहीं पा सकती। ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस की नई नियुक्तियाँ संगठन की मजबूती के लिए नहीं, बल्कि पार्टी के भीतर चल रही सिरफुटौवल और गुटबाजी को शांत करने के लिए की गई हैं। यह कार्यकर्ताओं का सम्मान नहीं, बल्कि बड़े नेताओं को खुश रखने का प्रयास है।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की जनता ने जिन्हें चुनाव में नकार दिया, कांग्रेस उन्हीं चेहरों को पदों से नवाज कर कौन सा संदेश देना चाहती है? यह नियुक्तियाँ दर्शाती हैं कि कांग्रेस के पास नए विचारों और ऊर्जावान चेहरों का भारी अभाव है और वह 'नई बोतल में पुरानी शराब' की कहावत चरितार्थ करने विवश है। कांग्रेस आज एक ऐसे डूबते जहाज के समान है, जिसमें छेद इतने बड़े हैं कि कप्तान बदलने या नए नाविक तैनात करने से कोई फर्क नहीं पड़ने वाला। कांग्रेस के कार्यकर्ता तक अब अब अपने बड़े नेताओं के झूठ, पाखण्ड और दिखावे की राजनीति को समझ चुके हैं। श्री ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस में मची भगदड़ और शीर्ष नेताओं के बीच के अविश्वास को ये नियुक्तियाँ ढँक नहीं सकतीं। जिस पार्टी का आधार ही खिसक चुका हो, वहाँ पदों की बंदरबाँट से संगठन में जान नहीं फूँकी जा सकती।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल