राज्य स्तरीय फोटोग्राफी प्रतियोगिता में ऑनलाइन आवेदन 04 नवम्बर तक
जगदलपुर, 29 अक्टूबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के आदिम जाति अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान नवा रायपुर द्वारा जनजातीय गौरव दिवस 2026 के उपलक्ष्य में राज्य स्तरीय जनजातीय फोटोग्राफी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के आदिवासी अंचलों की समृद्ध जीवनशैली, अनूठी परंपराओं और सांस्कृतिक धरोहर को छायाचित्रों के माध्यम से व्यापक मंच प्रदान करना है। संस्थान ने इस वर्ष प्रतियोगिता के लिए विषय जनजाति जीवन, संस्कृति एवं परंपराएं निर्धारित किया है।
यह प्रतियोगिता पूर्णतः निःशुल्क रखी गई है, जिसमें छत्तीसगढ़ के मूल निवासी तथा अनुसूचित जनजाति वर्ग के 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के प्रतिभागी हिस्सा ले सकते हैं। प्रतियोगिता के नियमों के अनुसार, प्रस्तुत किए जाने वाले छायाचित्र छत्तीसगढ़ की भौगोलिक सीमा के भीतर ही लिए गए होने चाहिए। प्रत्येक प्रतिभागी अधिकतम पांच मौलिक फोटो प्रेषित कर सकता है, जिनका न्यूनतम रिजॉल्यूशन 3000×2000 पिक्सेल, फाइल फॉर्मेट तथा साइज 2 से 10 एमबी के मध्य होना आवश्यक है। छायाचित्रों की मौलिकता बनाए रखने के लिए केवल सीमित पोस्ट-प्रोसेसिंग जैसे रंग सुधार, एक्सपोजर और क्रॉपिंग की ही छूट दी गई है, जबकि कृत्रिम बुद्धिमत्ता से निर्मित सामग्री अथवा मूल तत्वों में बदलाव को पूरी तरह प्रतिबंधित रखा गया है। इसके साथ ही, प्रत्येक छायाचित्र के साथ 30 से 50 शब्दों का संक्षिप्त परिचय लिखना भी अनिवार्य होगा।
प्रतियोगिता में सहभागिता के लिए इच्छुक प्रतिभागी संस्थान द्वारा जारी गूगल शीट लिंक https://tinyurl.com/jjgdphotography के जरिए अपनी प्रविष्टि दर्ज कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 04 नवम्बर शाम 5.30 बजे तक तय की गई है। इसके अलावा प्रतिभागियों को संस्थान की आधिकारिक वेबसाइट www.cgtrti.gov.in से आवेदन प्रपत्र डाउनलोड कर, उसे भरकर तथा हस्ताक्षरित कर पहचान पत्र, जन्मतिथि व जाति प्रमाण-पत्र की प्रति एवं दो पासपोर्ट साइज फोटो संलग्न करते हुए संस्थान की ई-मेल आईडी jjgdphotography@gmail.com पर भेजना होगा। प्रतियोगिता अथवा पंजीयन प्रक्रिया से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए सहायक अनुसंधान अधिकारी श्रीमती अंजनी भगत से दूरभाष नंबर 99265-88481 पर सीधे संपर्क किया जा सकता है।
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

