home page

राज्य स्तरीय औद्योगिक आपदा प्रशिक्षण 10 अप्रैल को

 | 
राज्य स्तरीय औद्योगिक आपदा प्रशिक्षण 10 अप्रैल को


धमतरी, 8 अप्रैल (हि.स.)। औद्योगिक आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए राज्य स्तर पर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रमों की श्रृंखला जारी है। इसी कड़ी में 10 अप्रैल को राज्य स्तरीय औद्योगिक आपदा प्रशिक्षण का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जिले के अधिकारी और संबंधित एजेंसियां भाग लेंगी। यह प्रशिक्षण कलेक्टर कार्यालय स्थित स्वान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में दोपहर 2:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक आयोजित होगा।

कार्यक्रम राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, नई दिल्ली के निर्देशानुसार संपन्न किया जाएगा। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रशिक्षण में अनिवार्य रूप से शामिल होने के निर्देश दिए हैं, ताकि आपदा की स्थिति में त्वरित और समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। प्रशिक्षण के दौरान औद्योगिक आपदा की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया, राहत एवं बचाव कार्यों की रणनीति, संसाधनों के प्रभावी उपयोग और विभागीय समन्वय जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी जाएगी। इस पहल का उद्देश्य प्रशासनिक तंत्र को अधिक सक्षम और सजग बनाना है, ताकि किसी भी संभावित औद्योगिक आपदा की स्थिति में प्रभावी ढंग से मुकाबला किया जा सके और जनहानि व नुकसान को न्यूनतम किया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा