home page

बालोद : जिले में फोटोयुक्त मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण शुरू

 | 

पात्र युवाओं को मिलेगा नाम जुड़वाने का अवसर

बालोद, 19 अक्टूबर (हि.स.)। लोकतंत्र में प्रत्येक मतदाता की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार बालोद जिले में फोटोयुक्त मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है।

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार जिले में मतदाता सूची को अद्यतन करने तथा पुनरीक्षण से संबंधित सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण का कार्य 2 नवंबर 2026 तक पूरा किया जाएगा। इसके बाद 12 नवंबर 2026 को प्रारंभिक मतदाता सूची का प्रकाशन होगा। नागरिक 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने, नाम हटाने तथा आवश्यक संशोधन के लिए अपने दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत कर सकेंगे। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निराकरण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पात्र युवा मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके साथ ही, वर्ष 2027 में 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी अग्रिम रूप से आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे।

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों को पुनरीक्षण कार्य में निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे प्रारंभिक मतदाता सूची में अपना नाम और अन्य विवरण अवश्य जांचें। यदि नाम दर्ज नहीं है या किसी प्रकार की त्रुटि है, तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन प्रस्तुत करें।

सही मतदाता सूची, मजबूत लोकतंत्र की पहचान है। जिले के सभी पात्र नागरिक समय पर अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराएं और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल