home page

तेज रफ्तार ट्रक का अगला टायर फटने से दुकान में जा घुसा, बड़ा हादसा टला

 | 
तेज रफ्तार ट्रक का अगला टायर फटने से दुकान में जा घुसा, बड़ा हादसा टला


कोंडागांव, 30 सितंबर (हि.स.)। जिले के एनएच-30 के रायपुर-जगदलपुर मार्ग पर ग्राम सुकुरपाल के पास बुधवार को तेज रफ्तार ट्रक का अगला टायर अचानक फट गया। इसके बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रक सड़क किनारे स्थित एक दुकान में जा घुसा। हादसे के दौरान दुकान में मौजूद महिला और दो बच्चे बाल-बाल बच गए। ट्रक में लोहे के बड़े-बड़े पाइप लदे हुए थे। टक्कर से दुकान का सामने का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और सामान बिखर गया। दुकान संचालक के अनुसार करीब एक लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक रायपुर से जगदलपुर की ओर जा रहा था। सुकुरपाल गांव के पास अचानक ट्रक के सामने वाले पहिए का टायर तेज आवाज के साथ फट गया। टायर फटने के बाद ट्रक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे दुकान में जा घुसा। टक्कर से दुकान का अगला हिस्सा टूट गया और अंदर रखा सामान इधर-उधर बिखर गया। ग्रामीणों के अनुसार दुकान का संचालन मालती ठाकुर करती हैं। हादसे से कुछ देर पहले महिला और दो बच्चे दुकान के सामने मौजूद थे। टायर फटने की तेज आवाज सुनकर वे तुरंत वहां से हटकर घर की ओर चले गए। इसके कुछ ही समय बाद अनियंत्रित ट्रक दुकान में जा घुसा। ग्रामीणों का कहना है कि यदि महिला और बच्चे उसी जगह मौजूद रहते तो बड़ा हादसा हो सकता था। ग्रामीणों का कहना है कि एनएच-30 पर वाहनों की रफ्तार काफी अधिक रहती है। गांव से होकर गुजरने वाले इस हाईवे के किनारे घर और दुकानें भी हैं, ऐसे में तेज गति से गुजरते वाहनों से लगातार खतरा बना रहता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे