home page

अंबिकापुर : बेलगाम बाइकर्स का खूनी तांडव, दिव्यांग शिक्षक को मारी जोरदार टक्कर, हालत गंभीर

 | 
अंबिकापुर : बेलगाम बाइकर्स का खूनी तांडव, दिव्यांग शिक्षक को मारी जोरदार टक्कर, हालत गंभीर


अंबिकापुर, 14 अप्रैल (हि.स.)। सरगुजा जिले के सीतापुर नगर में इन दिनों 'बाइकर्स गैंग' का आतंक और जानलेवा रफ्तार आम जनता के लिए जी का जंजाल बन चुकी है। खूनी रफ्तार के साथ नगर की सड़कों पर बेखौफ दौड़ रहे इन बाइकर्स ने मंगलवार दोपहर एक और मासूम जिंदगी को अपनी चपेट में ले लिया।

घटना पुरानी बस्ती स्थित लाल बंगला के पास की है, जहाँ एक तेज रफ्तार बाइक (CG15-EC-8252) ने सामने से आ रहे दिव्यांग शिक्षक राजन टोप्पो को जोरदार टक्कर मार दी। ग्राम नावाटोली ढेलसरा निवासी 45 वर्षीय शिक्षक राजन टोप्पो उस समय अपने परिवार के साथ घर वापस जा रहे थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शिक्षक अपने परिवार समेत सड़क से दूर जा गिरे, जबकि आरोपी युवक डर के मारे अपनी बाइक मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए।

स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ये युवक सुबह से ही अपनी बाइक में प्रतिबंधित मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर कानफोड़ू आवाज के साथ नगर में दहशत फैला रहे थे। दुर्घटना के वक्त भी युवकों ने एक अन्य वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश की, जिससे उनका संतुलन बिगड़ गया और वे सीधे शिक्षक की बाइक से जा भिड़े। इस हादसे में दिव्यांग शिक्षक के सीने में गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें सांस लेने में तकलीफ हो रही है, फिलहाल अस्पताल में उनका उपचार जारी है।

घटना से आक्रोशित नगरवासियों का कहना है कि पुलिस को इन बाइकर्स के खिलाफ सख्त अभियान चलाना चाहिए, अन्यथा आए दिन ऐसे हादसे होते रहेंगे। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके से बाइक जब्त कर ली है और फरार युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह